नेटवर्क फेल, राशन व्यवस्था बेबस

मसलिया प्रखंड क्षेत्र में जन वितरण प्रणाली के तहत राशन वितरण एक बार फिर गंभीर नेटवर्क संकट की चपेट में आ गया है। सरकार द्वारा फोरजी ई-पॉस मशीन उपलब्ध कराने के बावजूद जमीनी स्तर पर समस्या जस की तस बनी हुई है। कुंजबोना पंचायत के गम्हरा गांव में झारखंड स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित जन वितरण दुकान में नेटवर्क नहीं मिलने के कारण वितरण व्यवस्था पूरी तरह बाधित हो गई, जिससे लाभुकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
खुले मैदान में वजन, पत्थर बना सहारा
नेटवर्क नहीं मिलने पर डीलर को दुकान छोड़कर करीब आधा किलोमीटर दूर खुले मैदान में लाभुकों को ले जाना पड़ा, जहां ईंट-पत्थर और इलेक्ट्रॉनिक तराजू के सहारे अनाज तौलकर वितरण किया गया। दर्जनों लाभुक बॉयोमेट्रिक सत्यापन के लिए घंटों इंतजार करते नजर आए। डीलर ने बताया कि मजबूरी में ऐसा करना पड़ रहा है, जबकि लाभुकों का कहना है कि नेटवर्क की समस्या के कारण उन्हें समय पर राशन नहीं मिल पाता और बार-बार भटकना पड़ता है।
प्रशासन का आश्वासन, समाधान कब?
मामले पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रभारी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अजफर हसनैन ने कहा कि संबंधित डीलर के यहां तकनीकी खामी दूर करने के लिए जल्द मैकेनिक भेजा जाएगा और नेटवर्क समस्या का समाधान किया जाएगा, ताकि राशन वितरण सुचारु हो सके। हालांकि सवाल यह है कि कब तक लाभुकों को इस तरह खुले मैदान में राशन लेने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।




Comments