तीखे मोड़ पर कार की टक्कर से लैम्पस प्रबंधक गंभीर रूप से घायल
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- 2 hours ago
- 1 min read

सिदपहाड़ी पुल के पास हुआ हादसा
दुमका। मसलिया थाना क्षेत्र के सिदपहाड़ी पुल के पास तीखे मोड़ पर शनिवार शाम करीब 4 बजे एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन की टक्कर से बाइक सवार लैम्पस प्रबंधक अजित कुमार मंडल गंभीर रूप से घायल हो गए। वे मसानजोर पंचायत के लैम्पस प्रबंधक बताए जा रहे हैं।

तेज रफ्तार वाहन ने मारी जोरदार टक्कर
जानकारी के अनुसार अजित कुमार मंडल अपनी बाइक से किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान सिदपहाड़ी पुल के पास तीखे मोड़ पर एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।

ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई। ग्रामीणों की सूचना पर 108 एंबुलेंस से उन्हें फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल दुमका पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

गंभीर स्थिति में बेहतर इलाज के लिए रेफर
चिकित्सकों ने अजित कुमार मंडल की स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें बाहर रेफर कर दिया। घटना के बाद इलाके में चिंता का माहौल है और लोग उनकी कुशलता के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।

ग्रामीणों ने मोड़ पर सुरक्षा व्यवस्था की मांग की
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सिदपहाड़ी पुल के पास स्थित इस खतरनाक मोड़ पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए और चेतावनी संकेतक लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।





Comments