top of page

बलराम यादव हत्याकांड की जांच तेज, एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

घटनास्थल पहुंचकर एसपी ने लिया हालात का जायजा

दुमका। हंसडीहा थाना क्षेत्र के आलूबरा गांव निवासी बलराम यादव हत्याकांड की जांच तेज कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए शनिवार को दुमका के पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खैरवार घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान जांच में जुटी एसआईटी टीम भी मौके पर मौजूद रही।

एसआईटी को जल्द खुलासा करने का निर्देश

निरीक्षण के दौरान एसपी ने जांच से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी ली और जांच टीम को निर्देश दिया कि मामले की गहनता से जांच करते हुए जल्द से जल्द घटना का खुलासा किया जाए। उन्होंने घटनास्थल के आसपास के क्षेत्रों का भी जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मंगलवार से लापता था बलराम यादव

ज्ञात हो कि बलराम यादव बीते मंगलवार से लापता थे। परिजनों के अनुसार वह हंसडीहा स्थित डेयरी इंजीनियरिंग कॉलेज में मजदूरी करने गए थे, लेकिन शाम तक घर वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।

पुलिया के नीचे से मिला था शव

कुछ दिनों बाद बलराम यादव का शव एक पुलिया के नीचे से बरामद हुआ, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

तीन युवक फरार, पुलिस कर रही तलाश

बताया जा रहा है कि जिस दिन बलराम यादव घर से निकले थे, उस दिन उनके साथ गांव के ही तीन युवक भी थे, जो घटना के बाद से फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है और उनसे पूछताछ को जांच के लिए महत्वपूर्ण मान रही है। पुलिस के अनुसार मामले के सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page