हंसडीहा-गोड्डा रेल लाइन पर दो युवकों के शव मिलने से सनसनी, मौत को लेकर बना सस्पेंस
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- 23 hours ago
- 2 min read

रेलवे ट्रैक पर मिले दो युवकों के शव
दुमका। हंसडीहा थाना क्षेत्र के हंसडीहा-गोड्डा रेल लाइन पर शनिवार को रेलवे ट्रैक से दो युवकों के शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने बभनखेता और चोरबटीया गांव के समीप रेलवे ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।

लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर मिले शव
बताया जा रहा है कि दोनों शव करीब 1 किलोमीटर के दायरे में अलग-अलग स्थानों पर पड़े मिले। प्रारंभिक तौर पर दोनों युवकों की मौत ट्रेन की चपेट में आने से होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि घटना के वास्तविक कारणों को लेकर अभी भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।

दोनों मृतकों की हुई पहचान
पुलिस ने दोनों युवकों की पहचान कर ली है। मृतकों में एक हरभजन सिंह (18 वर्ष), पिता लक्ष्मण सिंह, निवासी नीमाटांड़, थाना पोड़ैयाहाट, जिला गोड्डा है, जबकि दूसरे युवक की पहचान सूरजलाल टुड्डू, निवासी खिजरीमुंडिया गांव, थाना बौसी, जिला बांका (बिहार) के रूप में हुई है।

रेलवे सुरक्षा बल भी जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों की मौत एक ही ट्रेन की चपेट में आने से हुई या अलग-अलग ट्रेन से दुर्घटना हुई।

हत्या, आत्महत्या या हादसा, जांच जारी
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पहचान होने के बाद शवों को परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू की गई है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं हत्या के बाद शव को रेलवे ट्रैक पर तो नहीं रखा गया। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।





Comments