सरस्वती पूजा मेला में खूनी संघर्ष, युवक पर टांगी से जानलेवा हमला

रामगढ़ थाना क्षेत्र के कांजो पंचायत अंतर्गत सिमरा हटिया में सरस्वती मेला के सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान पुराना विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मंगलवार रात करीब 10:30 बजे दो पक्षों के बीच पहले गाली-गलौज और विवाद हुआ, जिसके बाद आधा दर्जन लोगों ने एक युवक पर टांगी से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सीने और पीठ पर ताबड़तोड़ वार, हालत नाजुक
हमले में घायल युवक की पहचान शिवा मंत्री के रूप में हुई है। आरोप है कि सुशील दास, पलटू दास समेत अन्य लोगों ने मिलकर लोहे की टांगी से उसके सीने और पीठ पर लगातार वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को रामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए उसे दुमका के फुलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
एफआईआर दर्ज, आरोपियों की तलाश में पुलिस की छापेमारी
थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे पुराने विवाद की भूमिका है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।




Comments