top of page

हंसडीहा-दुमका मुख्य मार्ग पर दो सड़क हादसे, कांवरिया समेत दो घायल

अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को मारी टक्कर

दुमका। हंसडीहा थाना क्षेत्र में सोमवार को हंसडीहा-दुमका मुख्य मार्ग पर अलग-अलग स्थानों पर हुई दो सड़क दुर्घटनाओं में कांवरिया समेत दो लोग घायल हो गए। पहली घटना जवाहर नवोदय विद्यालय के समीप हुई, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार कार्तिक सोरेन गंभीर रूप से घायल हो गए। कार्तिक जरमुंडी थाना क्षेत्र के कलरहिया गांव के निवासी हैं और हंसडीहा स्थित अपने रिश्तेदार के घर जा रहे थे। ब्रेकर के पास बाइक की गति धीमी करने के दौरान पीछे से आ रहे वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना मिलने पर हंसडीहा थाना के सहायक अवर निरीक्षक राजेंद्र राम पुलिस बल के साथ पहुंचे और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरैयाहाट पहुंचाया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

ब्रेकर पर संकेतक नहीं होने से बढ़ रहा हादसों का खतरा

स्थानीय लोगों ने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय के समीप स्थित ब्रेकर पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इसके बावजूद यहां पर्याप्त संकेतक, मार्किंग या रिफ्लेक्टर नहीं लगाए गए हैं, जिससे विशेषकर रात के समय दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ब्रेकर पर स्पष्ट मार्किंग एवं संकेतक लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि श्रावणी मेला को लेकर हाल में कराए गए सड़क मरम्मत कार्य के दौरान हंसडीहा-दुमका मुख्य मार्ग पर लकड़बांक गांव के समीप भी ऊंचा ब्रेकर बना दिया गया है, जिससे वाहनों के निचले हिस्से और चैंबर के टकराकर क्षतिग्रस्त होने की शिकायतें सामने आ रही हैं।

धावाटांड़ के पास कांवरिया गंभीर रूप से घायल

दूसरी घटना धावाटांड़ गांव के समीप हुई, जहां बासुकीनाथ में जलार्पण कर लौट रहे बिहार के पूर्णिया निवासी कांवरिया संतोष महतो सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर एसआई जिमी हांसदा मौके पर पहुंचे और घायल कांवरिया को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस दोनों सड़क दुर्घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page