दुमका में भाजपा विधायक के आवास पर रसोइए का पंखे से लटका मिला शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप,
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- 24 minutes ago
- 2 min read

एसपी ने की जांच, फारेंसिंक टीम ने मौके से जुटाये साक्ष्य
दुमका। जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत नोनीहाट में जरमुंडी से भाजपा विधायक देवेंद्र कुंवर के आवास पर रह कर खाना बनाने वाले 30 वर्षीय युवक सोनू राउत का शव संदिग्ध परिस्थिति में पंखे से लटकता हुआ बरामद किया गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक देवघर जिले के सारवां थाना क्षेत्र के बमतलियाडीह गांव का निवासी था और पिछले करीब 6 महीनों से विधायक के नोनीहाट स्थित आवास में रसोइए के रूप में काम कर रहा था। मंगलवार को एसपी पीताबंर सिंह खेरवार एसडीपीओ के साथ घटनास्थल पहुंचे और खुद इस मामले की जांच की। फारेसिंक टीम ने मौके पर उपलब्ध वैज्ञानिक साक्ष्य का सैम्पल लिया।

शव से खून बहने पर परिजनों ने जताई हत्या की आशंकामृतक के परिजनों के अनुसार, सोमवार की देर शाम सोनू का शव कमरे के पंखे से लटकता हुआ मिला। सूचना मिलने पर परिजन विधायक के आवास पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि शव से खून बह रहा था, जिसके कारण उन्होंने हत्या की आशंका जताई। मृतक की पत्नी शिल्पी कुमारी ने आरोप लगाया कि सोनू की हत्या करने के बाद मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटकाया गया।

विधायक, दामाद समेत 9 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज
मृतक के चाचा सुनील राउत के बयान के आधार पर पुलिस ने विधायक देवेंद्र कुंवर, उनके दामाद समेत परिवार के 9 सदस्यों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सुनील राउत के अनुसार, सोनू करीब 6 दिन पहले छुट्टी पूरी कर वापस काम पर लौटा था। पुलिस दर्ज प्राथमिकी के आधार पर मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

विधायक पक्ष ने कहा, घटना के समय घर पर नहीं थे विधायकविधायक पक्ष के अनुसार, घटना के समय विधायक देवेंद्र कुंवर अपने दामाद के साथ कुछ दिनों से शहर से बाहर थे। विधायक पक्ष का कहना है कि घर के अन्य सदस्यों को भी यह जानकारी नहीं है कि युवक ने कब और किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया। पुलिस दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

बेटे की मौत का सदमा, पिता ने कीटनाशक खाकर की आत्महत्या की कोशिशइधर, सोमवार रात बेटे की मौत की सूचना मिलने के बाद मृतक के पिता अनिल राउत ने कथित तौर पर कीटनाशक खाकर आत्महत्या की कोशिश की। उन्हें गंभीर हालत में देवघर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं हंसडीहा थाना पुलिस ने मृतक के कमरे और घटनास्थल को सील कर फोरेंसिक टीम की मदद से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।





Comments