top of page

स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : उपायुक्त

4 minutes ago
2 min read

टीबी स्क्रीनिंग, संस्थागत प्रसव और आभा कार्ड निर्माण का लक्ष्य पूरा करने पर जोर

दुमका। उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई, जिसमें जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने पिछली बैठक के निर्देशों के अनुपालन की जानकारी लेते हुए लंबित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी प्रखंडों में डेंगू, मलेरिया सहित विभिन्न बीमारियों की जांच के लिए 14 प्रकार की जांच किट और आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्वास्थ्य केंद्र में दवा और जांच किट की कमी नहीं होनी चाहिए। मौसम में बदलाव और ठंड को देखते हुए नियमित फॉगिंग कराने तथा लोगों को साफ-सफाई, जलजमाव रोकने और मच्छरदानी के उपयोग के प्रति जागरूक करने का निर्देश भी दिया।

टीबी स्क्रीनिंग और मातृ स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर

उपायुक्त ने एएनसी पंजीकरण में सुधार लाने और पात्र गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा। टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए उन्होंने गांव-गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाकर व्यापक स्क्रीनिंग कराने तथा मरीजों की पहचान होने पर तत्काल उपचार शुरू करने का निर्देश दिया। कालाजार उन्मूलन के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रभावी कार्रवाई और नियमित निगरानी करने को भी कहा। आभा कार्ड निर्माण की समीक्षा के दौरान उन्होंने सहियाओं को प्रेरित कर अधिक से अधिक लोगों का कार्ड बनाने और चरणबद्ध तरीके से शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आभा कार्ड से मरीजों के स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड डिजिटल रूप में सुरक्षित रखने और उपचार के दौरान जरूरी जानकारी प्राप्त करने में मदद मिलती है।

अस्पतालों में उपकरण, रक्त और एंबुलेंस की व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश

उपायुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में रेडिएंट वार्मर, जनरेटर सहित आवश्यक उपकरणों और बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता की समीक्षा की। उन्होंने संसाधनों या उपकरणों की कमी वाले केंद्रों की जानकारी तत्काल उपलब्ध कराने को कहा, ताकि समय रहते व्यवस्था की जा सके। ब्लड बैंक की समीक्षा के दौरान सभी प्रखंडों में नियमित रक्तदान और ब्लड कलेक्शन शिविर आयोजित कर पर्याप्त रक्त उपलब्धता बनाए रखने का निर्देश दिया। साथ ही 108 एंबुलेंस सेवा की नियमित निगरानी कर जरूरतमंद मरीजों को समय पर सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री अस्पताल रखरखाव योजना के तहत किए गए कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट अगली बैठक में प्रस्तुत करने को भी कहा।

अधूरे स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण जल्द पूरा करने पर जोर

उपायुक्त ने निर्मित हेल्थ सब-सेंटरों को जल्द संबंधित विभाग को हस्तांतरित करने और शेष केंद्रों का निर्माण शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को स्वास्थ्य योजनाओं की नियमित निगरानी करने और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने को कहा। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जरूरतमंद लोगों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, सभी प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page