top of page

दुमका में चोरी की घटनाओं से बढ़ी चिंता, घर से 10 लाख के जेवरात गायब

8 minutes ago
2 min read

रसिकपुर में अलमारी से 10 लाख के जेवरात चोरी

दुमका नगर थाना क्षेत्र के रसिकपुर में कृष्णानंद झा के घर की अलमारी से करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने गुरुवार शाम नगर थाना में आवेदन देकर पिछले 5 साल से घर में काम कर रही नौकरानी मीना देवी पर चोरी का संदेह जताया है। उन्होंने बताया कि 8 मार्च को अलमारी खोलकर उसमें बेटे की अंगूठी रखी थी। 20 अक्टूबर को जेवरात की जांच के लिए अलमारी खोली तो सभी जेवरात गायब मिले। पीड़ित के अनुसार, जिस कमरे में अलमारी रखी थी, उसमें नौकरानी रहती थी। आशंका जताई गई है कि अलमारी का ताला खोलकर जेवरात चोरी किए गए और चाबी वापस रख दी गई। पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महारो चौक से टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल चोरी

जामा प्रखंड के महारो चौक स्थित उज्ज्वल सेन के घर के पास से देर रात अज्ञात चोरों ने टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल चोरी कर ली। बाइक मालिक ने जामा थाना में आवेदन देकर मोटरसाइकिल बरामद करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। आवेदन के अनुसार, उन्होंने रात में अपनी बाइक किराना दुकान के पास खड़ी की थी, लेकिन सुबह वह गायब मिली। काफी खोजबीन के बाद भी बाइक का पता नहीं चला। चोरी हुई मोटरसाइकिल का पंजीकरण नंबर जेएच 04 एल 3828 बताया गया है। बाइक मालिक ने घटनास्थल के आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांचने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

छोटा डुमरिया स्कूल के रसोई घर में चोरी

मसलिया थाना क्षेत्र की गुमरो पंचायत स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय छोटा डुमरिया के रसोई घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने करीब 15 हजार रुपये के सामान की चोरी कर ली। घटना 18 अक्टूबर की रात की बताई गई है। विद्यालय के प्राचार्य संतु राय के अनुसार, चोर 2 गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, कड़ाही, जग सहित मध्याह्न भोजन बनाने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री ले गए। सुबह विद्यालय खुलने पर रसोई घर का ताला टूटा और सामान बिखरा मिला। घटना के संबंध में विद्यालय प्रबंधन ने 23 अक्टूबर को मसलिया थाना में लिखित आवेदन दिया है। रसोई सामग्री चोरी होने से बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन तैयार करने में परेशानी हो रही है। विद्यालय प्रबंधन ने पुलिस से जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page