सांप्रदायिक नफरत फैलाने वालों पर पुलिस का शिकंजा, दो युवक गिरफ्तार
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Jan 22
- 2 min read

दुमका। शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में समुदाय विशेष के खिलाफ भड़काऊ और घृणास्पद वीडियो जारी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। शिवतल्ला गांव निवासी नईम अंसारी की शिकायत पर दर्ज मामले में पुलिस ने देवदाहा गांव निवासी संतोष राय और चंदनगढ़िया गांव निवासी भीम राय को आरोपी बनाया है। शिकायत में कहा गया था कि वीडियो में मुस्लिम समाज के खिलाफ हिंसा भड़काने जैसी बातें कही गई हैं, जिससे क्षेत्र में गंभीर विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने की आशंका थी। थाना प्रभारी अमित कुमार लकड़ा ने बताया कि मामले में कांड संख्या 11/26 दर्ज कर संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है और आगे की जांच जारी है।

घृणा फैलाने वाले वीडियो पर त्वरित कार्रवाई, कानून का सख्त संदेश
दुमका। पुलिस के अनुसार वीडियो में दिखाई दे रहे तीन युवकों में से दो की पहचान कर गिरफ्तारी की गई है, जबकि अन्य की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि समाज में वैमनस्य फैलाने, हिंसा भड़काने और सार्वजनिक शांति भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है और सोशल मीडिया पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अफवाह या भड़काऊ सामग्री को समय रहते रोका जा सके।

फरार आरोपियों पर भी पुलिस की कार्रवाई, दो और अभियुक्त गिरफ्तार
दुमका। वहीं सरैयाहाट थाना क्षेत्र में विभिन्न मामलों में फरार चल रहे दो आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान चोराजोर गांव निवासी कैलाश साह और सिलवा साह उर्फ शिवशंकर साह के रूप में हुई है, जिनके खिलाफ थाना कांड संख्या 74/19, 151/19, 124/20 और 126/24 में मामले दर्ज थे। थाना प्रभारी राजेंद्र यादव ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर दोनों को उनके घर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अपराध और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।





Comments