top of page

सुनील छैला बिहारी को बदलना पड़ा रास्ता, भागलपुर से हंसडीहा तक पूरी रात लगा जाम

जाम से यातायात प्रभावित

सावन की अंतिम सोमवारी पर बाबा बासुकीनाथ धाम में जलार्पण के लिए उमड़ी कांवरियों की भारी भीड़ के कारण भागलपुर से हंसडीहा तक पूरी रात जाम की स्थिति बनी रही। वाहनों की लंबी कतार लगने से आम यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। डाक कांवरियों, श्रद्धालुओं और अन्य वाहनों के बढ़ते दबाव के कारण कई स्थानों पर यातायात घंटों प्रभावित रहा।

छैला बिहारी ने बदला रास्ता

जाम इतना गंभीर था कि प्रसिद्ध लोक गायक एवं अभिनेता सुनील छैला बिहारी को भी अपना निर्धारित रास्ता बदलना पड़ा। उन्हें नोनीहाट-बासुकीनाथ मार्ग स्थित गोड्डा कैंप में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए हंसडीहा पहुंचना था। भागलपुर-हंसडीहा मुख्य मार्ग पर जाम को देखते हुए उन्होंने संहोला, पंजवारा और गोड्डा के रास्ते हंसडीहा पहुंचने का विकल्प चुना।

कांवरियों की भारी भीड़

अंतिम सोमवारी पर बड़ी संख्या में कांवरिया भागलपुर समेत बिहार के विभिन्न इलाकों से हंसडीहा होकर बासुकीनाथ धाम पहुंचे। देर रात से ही हंसडीहा में डाक कांवरियों की भारी भीड़ जुटने लगी और बोल-बम के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा। भारी भीड़ के कारण सड़क पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ता गया और देर रात तक जाम की स्थिति बनी रही।

3,648 डाक कांवरियों ने किया जलार्पण

हंसडीहा प्रशासनिक शिविर से कुल 3,648 डाक कांवरियों को टोकन जारी किया गया। इनमें महिला डाक कांवरियों की संख्या भी काफी रही। महिला श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और आस्था के साथ यात्रा पूरी कर बाबा बासुकीनाथ का जलाभिषेक किया। अंतिम सोमवारी होने के कारण डाक कांवरियों की आवाजाही देर रात से लेकर सुबह तक लगातार बनी रही।

पूरी रात मुस्तैद रहा प्रशासन

भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस पूरी रात मुस्तैद रही। अंचलाधिकारी राहुल कुमार शानू एवं थाना प्रभारी अजित यादव प्रशासनिक शिविर में डटे रहे और कांवरियों की आवाजाही, टोकन वितरण तथा यातायात व्यवस्था की निगरानी करते हुए पुलिसकर्मियों एवं अन्य कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे। महिला कांवरियों की उल्लेखनीय भागीदारी ने इस बार की अंतिम सोमवारी की डाक कांवरिया यात्रा को खास बना दिया।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page