सराय रोड में स्टेशनरी व्यवसायी के घर 25 लाख के जेवरात की चोरी,

शास्त्री नगर की वारदात के बाद फिर खिड़की की ग्रील निकालकर चोरी
दुमका। दुमका शहर के सराय रोड मोहल्ले में वंदना स्टेशनरी स्टोर्स के संचालक अशोक मोदी के घर चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने हाल में शास्त्री नगर में हुई चोरी की तर्ज पर खिड़की की ग्रील निकालकर कमरे में प्रवेश किया और 3 स्टील अलमारियों के आधा दर्जन से अधिक लॉकर तोड़कर करीब 25 लाख रुपये के जेवरात चोरी कर लिये। घटना 4 अक्टूबर की रात की बतायी जा रही है। जिस कमरे में चोरी हुई, उसमें रात में कोई नहीं सोया था, जबकि परिवार के सदस्य घर के अन्य कमरों में सो रहे थे।

3 अलमारियों के लॉकर तोड़कर ले गये जेवरात
चोरों ने पहले खिड़की की जाली काटी और इसके बाद स्क्रू खोलकर ग्रील को हटा दिया। खिड़की के रास्ते कमरे में प्रवेश करने के बाद चोरों ने एक-एक कर 3 अलमारियों के लॉकर तोड़े और उनमें रखे जेवरात के डब्बे निकाल लिये। इसके बाद डब्बों में रखे जेवरात लेकर फरार हो गये। कमरे और अलमारियों का पूरा सामान बिखरा पड़ा था।

नकदी और आसानी से ले जाने वाली कीमती वस्तुओं को बनाया निशाना।
चोरी के दौरान चोरों ने कपड़े और अन्य सामान को हाथ नहीं लगाया। उन्होंने मुख्य रूप से नकदी और आसानी से ले जाने वाली कीमती वस्तुओं को निशाना बनाया। अलमारियों के लॉकर तोड़े जाने के बाद कमरे में सामान अस्त-व्यस्त मिला। घटना की जानकारी मिलने पर गृहस्वामी ने नगर थाना पुलिस को सूचना दी।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस।
सूचना पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बाद में एसडीपीओ दिलीप खालको, प्रभारी थानेदार जगन्नाथ धान और एसआई राजीव रंजन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ चोरों के आने-जाने के संभावित रास्तों की भी जांच की। आसपास के घरों और प्रतिष्ठानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

एक से अधिक अपराधियों के शामिल होने का अनुमान।
पुलिस का मानना है कि इस वारदात को एक से अधिक अपराधियों ने मिलकर अंजाम दिया है। पुलिस चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित रास्तों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर जांच कर रही है। हाल की शास्त्री नगर चोरी में भी खिड़की की ग्रील हटाकर चोरी की गयी थी, जिसके कारण दोनों घटनाओं के तरीके को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।





Comments