दो बच्चों की मां से पड़ोसी ने घर में घुसकर किया दुष्कर्म

पति के मजदूरी के लिए तमिलनाडु जाने के दौरान वारदात, मारपीट का भी आरोप
शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में दो बच्चों की मां के साथ उसके पड़ोसी द्वारा घर में घुसकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपी सुनील राणा भी शादीशुदा है और राजमिस्त्री का काम करता है। पीड़िता के आवेदन के अनुसार उसका पति करीब 15-20 दिन पहले मजदूरी करने तमिलनाडु गया था। 25 सितंबर की रात वह बच्चों के साथ घर में सो रही थी, तभी आरोप है कि सुनील राणा घर में घुस आया और उसके मुंह में कपड़ा ठूंसकर जबरदस्ती करने लगा।

विरोध करने पर मारपीट करने का आरोप।
पीड़िता के अनुसार विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसे चोट लगी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सुबह पीड़िता ने फोन पर अपने पति को घटना की जानकारी दी। पति के घर लौटने के बाद वह उनके साथ शिकारीपाड़ा थाना पहुंची और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज।
पुलिस ने पीड़िता के आवेदन के आधार पर थाना कांड संख्या 104/26 दर्ज की है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1), 115(2) और 126(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

आरोपी गिरफ्तार, चिकित्सीय जांच के लिए भेजी गयी पीड़िता।
प्रभारी थाना प्रभारी आनंद ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी सुनील राणा को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि पीड़िता को चिकित्सीय जांच के लिए दुमका स्थित फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा जा रहा है।





Comments