सदर अस्पताल से पीजेएमसीएच में शिफ्ट होगा सभी विभागों का ओपीडी

ओपीडी भवन एवं परिसर का डीसी ने किया निरीक्षण, सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने का दिया निर्देश
दुमका में मेडिकल कॉलेज बनने के समय उसके पास अपना अस्पताल नहीं था। मेडिकल कॉलेज की मान्यता के लिए अस्पताल की आवश्यकता को देखते हुए दुमका सदर अस्पताल को मेडिकल कॉलेज के अस्पताल के रूप में घोषित किया गया था और यहीं से चिकित्सा व्यवस्था संचालित होती थी। अब फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल, दिग्घी परिसर में 500 बेड का अपना अस्पताल बनकर तैयार हो गया है। इसके बाद सदर अस्पताल से ओपीडी एवं सभी विभागों को दिग्घी स्थित पीजेएमसीएच में शिफ्ट किया जा रहा है। शनिवार को उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने ओपीडी भवन एवं परिसर का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।

सड़क, वार्ड और साइनेज की व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश।
उपायुक्त ने अस्पताल परिसर में प्रवेश करने वाली सड़क का निरीक्षण करते हुए अविलंब झाड़ियों की कटाई और सड़क की मरम्मत कराने को कहा। उन्होंने ओपीडी भवन में ऑर्थोपेडिक्स, गायनेकोलॉजी सहित विभिन्न विभागों के लिए तैयार किये गये वार्ड एवं अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों से मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी लेते हुए अस्पताल में प्रवेश करते ही मरीजों एवं उनके परिजनों को संबंधित विभाग और फ्लोर की जानकारी आसानी से मिल सके, इसके लिए पर्याप्त एवं स्पष्ट साइनेज लगाने का निर्देश दिया।

क्यू मैनेजमेंट सिस्टम का डेमो तैयार रखने को कहा।
उपायुक्त ने क्यू मैनेजमेंट सिस्टम का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने और इसके संचालन से संबंधित तैयारियां पूरी कर डेमो तैयार रखने का निर्देश दिया। बिजली, पानी, जनरेटर सहित तकनीकी सेवाओं से जुड़े कर्मियों को संबंधित व्यवस्थाओं की पूरी जानकारी और आवश्यक प्रशिक्षण देने को कहा, ताकि किसी भी तरह की समस्या उत्पन्न होने पर उसका तत्काल समाधान किया जा सके। उन्होंने निर्देश दिया कि ओपीडी शुरू होने से पहले सभी जरूरी मशीन, उपकरण और अन्य व्यवस्थाएं पूरी तरह तैयार रहें, ताकि मरीजों को एक ही स्थान पर समुचित स्वास्थ्य सुविधा मिल सके।

दिग्घी में खुलेगा ब्लड सेंटर।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अस्पताल में ब्लड सेंटर के लिए चिन्हित क्षेत्र का भी जायजा लिया। उन्होंने फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल, दिग्घी में ब्लड बैंक शुरू करने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने तथा आवश्यक लाइसेंस संबंधी कार्यवाही पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ओपीडी संचालन से पहले अस्पताल की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी होनी चाहिए, जिससे मरीजों को अनावश्यक परेशानी या भाग-दौड़ न करनी पड़े।

मोबाइल टावर लगाने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश।
उपायुक्त ने बताया कि अस्पताल के विभिन्न विभागों में पैरामेडिकल स्टाफ, विभागाध्यक्ष, असिस्टेंट प्रोफेसर एवं एसोसिएट प्रोफेसर सहित आवश्यक मानव संसाधन की प्रतिनियुक्ति की प्रक्रिया जारी है। अस्पताल परिसर में मोबाइल नेटवर्क की समस्या सामने आने पर उन्होंने सामान्य शाखा प्रभारी को संबंधित क्षेत्र में मोबाइल टावर अधिष्ठापन की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया। मौके पर सहायक समाहर्ता, फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल के प्राचार्य एवं अधीक्षक, सिविल सर्जन सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।





Comments