जंगल में विवाहिता से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, देवर व उसके साथी की तलाश

पीड़िता की गंभीर हालत, प्राथमिक उपचार के बाद दुमका रेफर; दोनों नामजद आरोपी फरार
मिलने के बहाने जंगल ले जाने का आरोप।
गोपीकांदर/निज संवाददाता। गोपीकांदर थाना क्षेत्र के खजूरडंगाल जंगल में एक विवाहिता के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि उसके गोतिया के देवर ने बुधवार शाम फोन कर उसे मिलने के लिए बुलाया और इसके बाद खजूरडंगाल जंगल की ओर ले गया। वहां आरोपी देवर बाबूलाल देहरी और उसके एक अन्य साथी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता गंभीर हालत में किसी तरह अपने घर पहुंची।

खून से सने कपड़ों में घर पहुंची पीड़िता।
पीड़िता की मां के अनुसार रात करीब 7 बजे उनकी बेटी घर लौटी। उसके कपड़े खून से सने हुए थे और उसकी हालत गंभीर थी। वह बार-बार बेहोश हो रही थी। परिजन तत्काल उसे गोपीकांदर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। हालत गंभीर होने पर बुधवार देर रात चिकित्सकों ने उसे दुमका रेफर कर दिया।

मायके में रह रही थी विवाहिता।
जानकारी के अनुसार पीड़िता जोलो गांव की रहने वाली है और उसकी शादी वर्ष 2019 में डूमरतला गांव में हुई थी। वह पिछले कुछ दिनों से अपने मायके जोलो में रह रही थी। बताया गया कि उसके 2 बच्चे हैं और उसका पति मजदूरी के सिलसिले में दूसरे राज्य में गया हुआ है। बुधवार शाम उसके देवर ने फोन कर मिलने के लिए बुलाया था।

पुलिस ने शुरू की जांच।
घटना की जानकारी मिलने के बाद गोपीकांदर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने पीड़िता को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया और घटना से संबंधित जानकारी जुटायी। मामले में पीड़िता और उसके परिजनों द्वारा लगाए गये आरोपों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

दोनों आरोपी घर से फरार।
पुलिस के अनुसार मामले में नामजद दोनों आरोपी फिलहाल अपने घर से फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





Comments