2 बाइक सवार 4 युवकों ने बनाया निशाना, 51 कदम चलने के बहाने बैग लेकर फरार

बेटे की मौत का डर दिखाकर महिला से 10 लाख के जेवर ठगे
पोती को स्कूल से लेने गई थी महिला
दुमका/निज संवाददाता। दुमका में परिवार के किसी सदस्य की मौत का डर दिखाकर महिलाओं से जेवर ठगने वाला गिरोह सक्रिय होने की आशंका सामने आयी है। शुक्रवार दोपहर भागलपुर रोड निवासी ऊषा सिंघानियां अपनी पोती को होली चाइल्ड स्कूल से लेने गयी थीं। इसी दौरान 2 बाइक पर सवार 4 युवकों ने उन्हें बेटे की मौत का भय दिखाकर करीब 10 लाख रुपये के जेवर और मोबाइल ठग लिये। महिला की शिकायत पर नगर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहले पानी पिलाने को कहा, फिर भरोसे में लिया।
महिला के अनुसार स्कूल की छुट्टी के समय एक युवक उनके पास आया और माथे की लकीर देखकर कुछ ही समय में अनहोनी होने तथा उनके बेटे की जान चले जाने की बात कही। युवक ने कहा कि इस संकट से बचने के लिए उसे कुछ नहीं चाहिए, केवल एक घूंट पानी पिला दें। महिला ने दुकान से पानी खरीदकर उसे पिलाया। इसके बाद उसका एक साथी भी वहां पहुंचा और खुद को अनजान व्यक्ति बताते हुए कहा कि महिला के कहने पर उसे हनुमान जी के दर्शन हुए हैं और अब परिवार पर कोई संकट नहीं है। उसकी बातों से महिला पहले युवक के झांसे में आ गयी।

पहले साथी से रखवाये 2 हजार रुपये।
इसके बाद ठगों ने महिला को अपने विश्वास में लेने के लिए पहले अपने ही एक साथी से उसकी जेब में रखे 2 हजार रुपये निकलवाकर महिला के बैग में रखवाये। फिर उसे नमो नारायण का जाप करते हुए 51 कदम चलने को कहा गया। युवक के वापस आने पर उसे बैग से रुपये दिलवा दिये गये। इससे महिला को ठगों की बात पर और विश्वास हो गया।

जेवर बैग में रखवाकर 51 कदम चलने को कहा।
इसके बाद युवकों ने महिला से दोनों अंगूठियां, भारी चेन और हाथों की दोनों चूड़ियां उतरवाकर उसके बैग में रखवा दीं। महिला का बैग उनके साथी को सौंपकर उसे भी 51 कदम चलकर वापस आने को कहा गया। महिला जैसे ही 51 कदम चलकर वापस लौटी, तब तक युवक बैग लेकर मौके से फरार हो चुके थे। बैग में रखे करीब 10 लाख रुपये के जेवर और मोबाइल लेकर ठगों के फरार होने की बात सामने आयी है।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान का प्रयास।
नगर थाना प्रभारी अशोक राम ने बताया कि घटना स्कूल की छुट्टी के समय हुई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर ठगी करने वालों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस तरह की घटनाओं को लेकर सभी थानों को भी सतर्क कर दिया गया है।





Comments