top of page

शिलापट्ट पर न प्राक्कलित राशि, न संवेदक का नाम, न कार्य पूरा करने की तिथि

नुआपहाड़ सड़क शिलान्यास में अधूरी जानकारी पर उठे सवाल

सांसद ने किया 4.75 किमी सड़क का शिलान्यास

दुमका। शिकारीपाड़ा प्रखंड के नुआपहाड़ गांव को मुख्य सड़क से जोड़ने वाली 4.75 किलोमीटर लंबी सड़क के शिलान्यास के दौरान लगाए गए शिलापट्ट पर योजना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां अंकित नहीं होने से सवाल उठने लगे हैं। सांसद नलिन सोरेन ने सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। आजादी के करीब 80 साल बाद आदिम जनजाति पहाड़िया समुदाय के इस गांव को सड़क से जोड़ने की योजना पीएम जनमन योजना के तहत ग्रामीण कार्य विभाग कार्य प्रमंडल द्वारा कराई जाएगी।

शिलापट्ट पर नहीं दी गई महत्वपूर्ण जानकारी

शिलान्यास के दौरान अनावरण किए गए शिलापट्ट पर सड़क निर्माण की प्राक्कलित राशि अंकित नहीं की गई है। इसके अलावा निर्माण कार्य करने वाले संवेदक का नाम और सड़क निर्माण कार्य पूरा करने की निर्धारित तिथि भी शिलापट्ट पर दर्ज नहीं है। योजना की लागत और निर्माण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों के अभाव में ग्रामीणों को सड़क निर्माण की पूरी जानकारी नहीं मिल सकी।

विधायक का नाम दर्ज, पर कार्यक्रम से रहे अनुपस्थित

शिलापट्ट पर स्थानीय शिकारीपाड़ा विधायक का नाम भी अंकित किया गया है, लेकिन वे शिलान्यास कार्यक्रम में मौजूद नहीं थे। सांसद नलिन सोरेन ने अकेले ही शिलापट्ट का अनावरण किया। इस दौरान विभागीय अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद थे। शिलापट्ट पर नाम अंकित होने और कार्यक्रम में अनुपस्थित रहने को लेकर भी चर्चा होती रही।

निर्माण की समयसीमा पर ग्रामीणों ने जताई नाराजगी

ग्रामीणों ने योजना की प्राक्कलित राशि, संवेदक का नाम, निर्माण शुरू होने की तिथि और कार्य पूरा करने की समयसीमा स्पष्ट नहीं होने पर नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि लगभग 80 साल बाद गांव को मुख्य सड़क से जोड़ने की योजना शुरू हो रही है, ऐसे में निर्माण कार्य से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारियां सार्वजनिक रूप से स्पष्ट होनी चाहिए। हालांकि सड़क बनने से पहाड़िया समुदाय को प्रखंड और जिला मुख्यालय तक आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं तक पहुंचने में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page