मौत से पहले वीडियो कॉल में पत्नी से सिर्फ रोया था सोनू, 10-20 मिनट बाद बंद हो गया मोबाइल
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- 4 minutes ago
- 2 min read

परिजनों ने मौत को बताया संदिग्ध, शव के पैर जमीन से सटे होने और शरीर पर जख्म के लगाए आरोप
वीडियो कॉल में रो रहा था सोनू
दुमका/नोनीहाट/निज संवाददाता। नोनीहाट में मृत पाए गए सोनू पाल के मामले में परिजनों ने मौत की परिस्थितियों पर गंभीर सवाल उठाए हैं। परिजनों के अनुसार रविवार की रात, मौत से कुछ घंटे पहले सोनू के मोबाइल से वीडियो कॉल कर उसकी पत्नी से बात कराई गई थी। इस दौरान सोनू केवल रो रहा था और कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं था। परिजनों का दावा है कि करीब 10-20 मिनट बाद जब दोबारा उसके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया तो फोन स्विच ऑफ मिला। अगले दिन सोमवार की सुबह परिजनों को सोनू पाल का शव फंदे से लटका मिलने की सूचना दी गई। परिजनों ने पूरे घटनाक्रम को संदिग्ध बताते हुए गहन जांच की मांग की है।

शव के पैर जमीन से सटे होने का दावा
मृतक के परिजन कुणाल पाल ने आत्महत्या की बात को सिरे से नकारते हुए हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि सोनू के साथ पहले बुरी तरह मारपीट की गई और उसके बाद उसकी हत्या कर शव को पंखे से फंदे के सहारे लटका दिया गया। कुणाल पाल ने विधायक देवेंद्र कुंवर की मौजूदगी और इशारे पर हत्या कराने का आरोप भी लगाया है। परिजन के अनुसार, जब शव देखा गया तो उसके पैर जमीन से सटे हुए थे तथा कान के आसपास और शरीर के अन्य हिस्सों पर जख्म एवं खून के निशान थे। परिजनों ने इन परिस्थितियों को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल परिजनों के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि सोनू पाल की मौत किन परिस्थितियों में हुई।





Comments