top of page

लोन, सिलाई मशीन व फ्रिज देने के नाम पर ठगी, हंसडीहा में महिलाओं ने किया सड़क जाम

11 minutes ago
2 min read

2 घंटे तक आवागमन रहा बाधित, पीड़ितों ने जमा रुपये वापस दिलाने की मांग की

रुपये जमा कराने के बाद नहीं मिला सामान

हंसडीहा/निज संवाददाता। उत्तम माइक्रो फाइनेंस एसोसिएशन के नाम से हंसडीहा और सरैयाहाट में कार्यालय संचालित कर महिलाओं से रुपये जमा कराने के बाद लोन के साथ सिलाई मशीन एवं फ्रिज देने का झांसा देने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शनिवार को बड़ी संख्या में महिलाएं हंसडीहा पहुंचीं और कथित ठगी के विरोध में सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने जमा कराए गए रुपये वापस दिलाने और मामले में प्रशासन से कार्रवाई की मांग की। महिलाओं के अनुसार, उनसे अलग-अलग गांवों में 3 से 7 हजार रुपये तक जमा कराए गए थे।

लोन के साथ सामान देने का दिया गया था भरोसा

महिलाओं का आरोप है कि रुपये जमा कराने के बदले उन्हें लोन के साथ सिलाई मशीन, फ्रिज अथवा व्यवसाय के लिए आर्थिक सहायता देने की बात कही गई थी। राशि जमा करने के बाद न तो उन्हें सामान मिला और न ही लोन दिया गया। महिलाओं का यह भी आरोप है कि जमा राशि वापस मांगने पर भी उन्हें रुपये नहीं लौटाए गए। इसी के विरोध में महिलाएं सड़क पर उतर आईं और प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की।

पुलिस ने लिखित शिकायत देने को कहा 

सड़क जाम की सूचना मिलने पर हंसडीहा थाना प्रभारी अजीत यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारी महिलाओं से मामले से संबंधित लिखित शिकायत थाने में देने की अपील की, ताकि शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक किसी भी प्रदर्शनकारी महिला की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई थी। थाना प्रभारी ने महिलाओं को समझा-बुझाकर करीब 2 घंटे बाद सड़क जाम समाप्त कराया।

हंसडीहा और सरैयाहाट में कार्यालय संचालित होने की बात

जानकारी के अनुसार, हंसडीहा में महेश यादव के मकान तथा सरैयाहाट में घनश्याम दास के मकान में उत्तम माइक्रो फाइनेंस एसोसिएशन के नाम से कार्यालय संचालित किए जाने की बात सामने आई है। महिलाओं का आरोप है कि इन्हीं कार्यालयों के माध्यम से उनसे राशि जमा कराई गई थी। हालांकि, संबंधित संस्था और उसके संचालकों की ओर से इस मामले में तत्काल कोई आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।

कई प्रखंडों की महिलाओं से राशि लेने का दावा

हंसडीहा और सरैयाहाट के अलावा जरमुंडी, रामगढ़ और पोड़ैयाहाट क्षेत्र के विभिन्न गांवों की महिलाओं से भी राशि लिए जाने की बात सामने आ रही है। शनिवार को इन क्षेत्रों की महिलाएं भी हंसडीहा पहुंची थीं। सूत्रों के अनुसार, कई गांवों से लाखों रुपये की राशि जमा कराई गई है और बड़ी रकम की ठगी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, कुल राशि, प्रभावित महिलाओं की वास्तविक संख्या और कथित ठगी की पुष्टि आधिकारिक रूप से नहीं हुई है।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page