top of page

अनियंत्रित हाइवा ने 2 बाइक को मारी टक्कर, एक युवक की मौत, 4 गंभीर

42 minutes ago
2 min read

खराब हाइवा भी बना हादसे का कारण, लगातार दुर्घटनाओं के बावजूद नहीं हटाया गया वाहन

शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार को 2 अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 4 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पहली घटना सरसडंगाल गांव के समीप हुई, जहां तेज रफ्तार अनियंत्रित हाइवा ने 2 बाइक को सीधी टक्कर मार दी। हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार 2 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि तीनों युवक सरसडंगाल के साप्ताहिक हाट में आए थे और लौटने के दौरान दुर्घटना का शिकार हुए।

मृतक की पहचान नहीं, 2 घायल रेफर। 

दुर्घटना के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर रामपुरहाट की ओर फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक पास के शहरपुर गांव का रहने वाला था। हाइवा की चपेट में आने से उसका सिर बुरी तरह कुचल गया, जिससे समाचार लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। घायलों की पहचान पाकुड़िया थाना क्षेत्र के तिनसुलिया गांव निवासी सुनीराम सोरेन और शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के कुरूमटांड़ निवासी आकाल मुर्मू के रूप में हुई है। सुनीराम सोरेन की हालत गंभीर बतायी जा रही है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

बरसिया के पास सड़क पर खड़ा खराब हाइवा बना खतरा। 

दूसरी घटना दुमका-रामपुरहाट मार्ग पर बरसिया के पास हुई, जहां पिछले 4 दिनों से बीच सड़क पर गिट्टी लदा खराब हाइवा खड़ा है। सोमवार को इसी हाइवा से बाइक टकराने के कारण 2 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों युवक बरमसिया के रहने वाले बताए जाते हैं और उनकी उम्र करीब 30 से 32 वर्ष है। स्थानीय लोगों के अनुसार खराब हाइवा के दोनों ओर न तो रेडियम लगाया गया है और न ही कोई अवरोध या चेतावनी बोर्ड लगाया गया है।

4 दिनों में लगातार हो रहे हादसे। 

स्थानीय लोगों के अनुसार इससे पहले 13 सितंबर को बाइक सवार 3 युवक इसी हाइवा से टकराकर घायल हुए थे। उससे एक दिन पूर्व एक बोलेरो भी हाइवा से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। लगातार हादसों के बावजूद सड़क पर खड़े खराब हाइवा को हटाने या उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था करने की दिशा में कोई पहल नहीं की गई है। इससे वाहन चालकों में दुर्घटना को लेकर भय बना हुआ है।

हाइवा तत्काल हटाने की मांग। 

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से सड़क पर खड़े खराब हाइवा को तत्काल हटाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि जब तक हाइवा को हटाया नहीं जाता, तब तक उसके दोनों ओर रेडियम, अवरोधक और चेतावनी बोर्ड लगाए जाने चाहिए, ताकि रात के समय वाहन चालकों को इसकी जानकारी मिल सके और आगे होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लगायी जा सके।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page