top of page

मोबाइल दुकान का ताला तोड़कर 12 फोन और 60 हजार रुपये की चोरी

7 hours ago
2 min read

सरैयाहाट में घर के सामने से स्कॉर्पियो ले उड़े चोर, पुलिस जांच में जुटी

दुमका। दुमका जिले में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मसलिया थाना क्षेत्र के रानीघाघर पंचायत भवन के समीप स्थित मोबाइल दुकान का ताला तोड़कर शुक्रवार रात अज्ञात चोरों ने 12 मोबाइल फोन और 60 हजार रुपये नकद चोरी कर लिये। पीड़ित दुकानदार नारायण पाल के परिजनों के अनुसार, वह शुक्रवार रात करीब 8 बजे दुकान बंद कर लगभग आधा किलोमीटर दूर स्थित अपने घर खाना खाने चले गये थे। रात करीब 9 बजे दुकान पहुंचने पर ताला टूटा मिला और काउंटर में रखे मोबाइल फोन तथा दराज में रखे रुपये गायब थे।

सूचना पर रात 10 बजे पहुंची पुलिस। 

चोरी की जानकारी मिलने के बाद दुकानदार ने परिजनों और मसलिया थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम रात करीब 10 बजे घटनास्थल पर पहुंची और दुकान का निरीक्षण कर जांच शुरू की। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गयी। समाचार लिखे जाने तक दुकानदार की ओर से थाना में लिखित आवेदन नहीं दिया गया था। घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों में चिंता का माहौल है।

सरैयाहाट में घर के सामने से स्कॉर्पियो चोरी। 

सरैयाहाट थाना क्षेत्र के गुरुनाथ पहाड़ी स्थित एक आवास के सामने खड़ी स्कॉर्पियो शुक्रवार रात चोरी हो गयी। चोरी गये वाहन का पंजीकरण नंबर जेएच 04 एएच 5570 बताया गया है। वाहन मालिक विवेक कुमार, पिता गोपाल साह, ने शनिवार सुबह गाड़ी गायब मिलने के बाद सरैयाहाट थाना में इसकी सूचना दी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात रोजाना की तरह स्कॉर्पियो घर के सामने खड़ी कर सोने चले गये थे।

सुबह बाहर निकले तो गायब मिली गाड़ी। 

शनिवार सुबह विवेक कुमार ने घर के सामने स्कॉर्पियो नहीं देखी तो आसपास तलाश की, लेकिन वाहन का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी। घर के सामने से वाहन चोरी होने की घटना के बाद इलाके में वाहन सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गयी है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस। 

सरैयाहाट पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर चोरों की पहचान करने और चोरी गयी स्कॉर्पियो का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, मसलिया में मोबाइल दुकान में हुई चोरी की जांच भी पुलिस कर रही है। दोनों घटनाओं में चोरों का सुराग पाने के लिए पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटा रही है।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page