top of page

काठीकुंड में नौवीं की आदिवासी छात्रा का झाड़ियों में शव मिलने से सनसनी

4 hours ago
2 min read

दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका पर सड़क जाम, आरोपित की गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग

दुमका जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र में नौवीं कक्षा की एक आदिवासी छात्रा का शव झाड़ियों से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और मधुबन उच्च विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने शनिवार दोपहर करीब 2 बजे दुमका-पाकुड़ मुख्य मार्ग जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने 24 घंटे के भीतर आरोपित की गिरफ्तारी और उसे फांसी की सजा देने की मांग की। सड़क जाम के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

गाय खोलने खेत गयी थी छात्रा, वापस नहीं लौटी। 

परिजनों के अनुसार, छात्रा शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे स्कूल से घर लौटी थी। खाना खाने के बाद वह रोजाना की तरह गाय खोलने के लिए खेत की ओर गयी। कुछ देर बाद गाय अकेले घर लौट आयी, लेकिन छात्रा वापस नहीं पहुंची। काफी देर तक इंतजार करने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। ग्रामीणों के साथ खोजबीन के दौरान गांव के पास झाड़ियों में छात्रा का शव मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी।

पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर शुरू की जांच। 

सूचना मिलते ही काठीकुंड थाना प्रभारी बलराम कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए देर रात डीएसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर विभिन्न पहलुओं से जांच की। प्रारंभिक परिस्थितियों के आधार पर छात्रा के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जतायी जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

छात्र-छात्राओं के प्रदर्शन से गमगीन हुआ माहौल। 

विरोध प्रदर्शन में मधुबन उच्च विद्यालय के छात्र-छात्राएं भी शामिल हुए। छात्र न्याय की मांग करते हुए नारे लगा रहे थे, जबकि कई छात्राएं रोती-बिलखती नजर आयीं। प्रदर्शन में शामिल विद्यार्थियों के कंधों पर स्कूल बैग थे, वहीं कुछ ग्रामीण हाथों में डंडे लिये हुए थे। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। प्रदर्शनकारी आरोपित की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग पर अड़े रहे। समाचार लिखे जाने तक दुमका-पाकुड़ मुख्य मार्ग पर जाम जारी था।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page