top of page

3 सड़क हादसों में 4 घायल, टेलर की टक्कर में उपचालक की मौत

7 hours ago
2 min read

कुरमाहाट में ट्रक की टक्कर से अधेड़ गंभीर, हेलमेट ने बचाई युवक की जान; हरिपुर में 2 बाइक सवार बेहोश

दुमका। हंसडीहा-दुमका मुख्य मार्ग पर शनिवार को 2 अलग-अलग सड़क हादसों में बाइक सवार 2 लोग घायल हो गये। कुरमाहाट के समीप तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के हरलाटीकर गांव निवासी सियाराम राणा गंभीर रूप से घायल हो गये। वह दुमका से बाइक पर सवार होकर हंसडीहा के रास्ते घर लौट रहे थे, तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। सूचना पर हंसडीहा थाना के एएसआई दुर्गा चरण महतो मौके पर पहुंचे और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरैयाहाट पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।

रेलवे फाटक के पास गड्ढे से उछली बाइक, हेलमेट ने बचाया। 

हंसडीहा में राष्ट्रीय राजमार्ग पर रेलवे फाटक के समीप सड़क पर बने गड्ढे के कारण बाइक सवार युवक संतुलन खोकर गिर पड़ा। बताया गया कि गड्ढे से बाइक उछलने के कारण युवक करीब 6 फीट दूर जा गिरा। घायल की पहचान देवघर जिले के रोहिणी निवासी चंदन के रूप में हुई है। हेलमेट पहने होने के कारण उसके सिर में गंभीर चोट लगने से बचाव हुआ। सड़क की खराब स्थिति को लेकर स्थानीय स्तर पर चिंता बढ़ गयी है।

मधुबन के पास 2 टेलर की टक्कर में उपचालक की मौत। 

दुमका-पाकुड़ मार्ग पर शनिवार सुबह करीब 5 बजे मधुबन के समीप 2 टेलर के बीच जोरदार टक्कर हो गयी। हादसे में एक टेलर के उपचालक दिलखुश कुमार (35) की मौत हो गयी। वह बिहार के बांका जिले के रहने वाले थे। दुर्घटना के बाद दोनों वाहनों के चालक गाड़ियां छोड़कर मौके से फरार हो गये। सूचना मिलने पर काठीकुंड थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए दुमका सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी है।

हरिपुर के पास 2 बाइकों में जोरदार टक्कर, दोनों चालक बेहोश। 

कैराबनी-जरमुंडी मुख्य मार्ग पर हरिपुर गांव के समीप शनिवार को 2 बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गयी। हादसे में दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर बेहोश हो गये। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों गंभीर रूप से घायल थे और उनकी पहचान तत्काल नहीं हो सकी। ग्रामीणों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन काफी देर तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को टेंपो से जरमुंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया।

क्षतिग्रस्त हुईं दोनों बाइक, पुलिस जुटा रही जानकारी। 

हरिपुर में दुर्घटना के बाद दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयीं और कुछ देर तक मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। घटनास्थल जामा और जरमुंडी थाना क्षेत्र की सीमा के समीप होने के कारण संबंधित थाना क्षेत्र को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी थी। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने खराब सड़क, तेज रफ्तार और आपातकालीन चिकित्सा सहायता की उपलब्धता को लेकर सवाल खड़े किये हैं।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page