त्योहारों से पहले मिठाई दुकानों और होटलों पर छापेमारी, 19 हजार रुपये जुर्माना

साफ-सफाई में कमी और वैध खाद्य लाइसेंस नहीं होने पर 5 प्रतिष्ठानों के संचालकों पर कार्रवाई
दुमका। आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर आम लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए उपायुक्त अभिजीत सिन्हा के निर्देश पर शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026 को दुमका में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गयी। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अंजना रानी मिंज के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान मिठाई दुकानों और होटलों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई तथा वैध लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन की जांच की गयी। अभियान के तहत शिवपहाड़ चौक स्थित गोपाल स्वीट्स, फूलो-झानो चौक स्थित होटल जे डी इन तथा नापितपाड़ा स्थित मंडल होटल, मून होटल, दत्ता होटल और नोनीहाट मिष्ठान का निरीक्षण किया गया।

साफ-सफाई में कमी मिलने पर 3 प्रतिष्ठानों पर जुर्माना।
निरीक्षण के दौरान रसोईघर, परिसर और मिठाई निर्माण स्थल की स्वच्छता का जायजा लिया गया। होटल जे डी इन, मून होटल और गोपाल स्वीट्स में साफ-सफाई में कमी पाए जाने पर प्रत्येक प्रतिष्ठान के संचालक पर 5,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, मून होटल में पनीर की स्टार्च जांच की गयी, जिसका परिणाम सही पाया गया। खाद्य सुरक्षा टीम ने संचालकों को खाद्य पदार्थों के निर्माण और रखरखाव में स्वच्छता बरतने का निर्देश दिया।

बिना वैध लाइसेंस कारोबार करने पर भी कार्रवाई।
जांच के दौरान मंडल होटल और नोनीहाट मिष्ठान में वैध खाद्य लाइसेंस अथवा रजिस्ट्रेशन के बिना कारोबार किए जाने पर दोनों प्रतिष्ठानों के संचालकों पर 2,000-2,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस तरह अभियान के दौरान कुल 19,000 रुपये का अर्थदंड वसूला गया। निरीक्षण में शामिल सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा उसके तहत लागू नियमों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

त्योहारों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर रहेगी नजर।
प्रशासन ने खाद्य कारोबारियों को खाद्य सामग्री के निर्माण, भंडारण और रखरखाव में निर्धारित मानकों का पालन करने तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने को कहा। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट, अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य निर्माण और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को गंभीरता से लिया जाएगा। पर्व-त्योहारों के दौरान आम लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और निगरानी जारी रहेगी।





Comments