top of page

दुमका में हुए अलग-अलग हादसों में दो युवकों की जान गयी

7 hours ago
2 min read

खतरनाक मोड़ पर फिर हादसा, बाइक सवार युवक की जान गयी; 3 दोस्त घायल

दुमका। दलाही-रानीबहाल मुख्य मार्ग पर दतियारपुर गांव के समीप गुरुवार देर शाम सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गयी, जबकि उसके 3 दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गये। मृतक की पहचान वृंदावनी पंचायत के सुंदरडीह गांव के बथानबेड़ा टोला निवासी सहदेव बेसरा के रूप में हुई है। घायलों में आशीष पुजहर, दिनेश टुडू और बिजय पुजहर शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, चारों दोस्त एक ही बाइक पर सवार होकर घूमने निकले थे। दलाही की ओर से लौटने के दौरान दतियारपुर के समीप तीखे मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गयी। हादसे में सहदेव बेसरा की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी।

ग्रामीणों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। 

हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तीनों घायलों को इलाज के लिए रानीश्वर अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर टोंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज दिया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

एक ही जगह बार-बार हो रहे हादसे, सड़क सुरक्षा पर सवाल। 

ग्रामीणों के अनुसार, दलाही-रानीबहाल मार्ग पर कई तीखे मोड़ हैं, जहां वाहन चालकों को परेशानी होती है। दतियारपुर के समीप जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां एक महीने के भीतर यह 5वीं दुर्घटना होने का दावा किया जा रहा है। ग्रामीणों ने दुर्घटना संभावित स्थानों पर सड़क सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।

हाईटेंशन तार की चपेट में आने से वेल्डिंग मिस्त्री की मौत। 

हंसडीहा-दुमका मुख्य मार्ग पर हंसडीहा थाना क्षेत्र के धावाटांड़ गांव स्थित हर हर महादेव लाइन होटल में शुक्रवार को 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से वेल्डिंग मिस्त्री नसीम अंसारी की मौत हो गयी। मृतक सरैयाहाट थाना क्षेत्र के बंगालडीह गांव निवासी अख्तर अंसारी का पुत्र था। जानकारी के अनुसार, नसीम होटल में पाइप वेल्डिंग का काम करने पहुंचा था। इसी दौरान पाइप ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गयी। समाचार लिखे जाने तक हंसडीहा थाना को घटना की आधिकारिक सूचना दिए जाने की पुष्टि नहीं हुई थी।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page