2.59 करोड़ के बैंक ऋण की वसूली के लिए बैंक ने नलिन झा के मकान पर लिया कब्जा

वर्ष 2024 में एनपीए हुआ था ऋण खाता
दुमका। उपराजधानी दुमका के रसिकपुर में गुरुवार को प्रशासन की मौजूदगी में एक आवासीय मकान का भौतिक कब्जा इंडियन बैंक को सौंप दिया गया। मामला करीब 2 करोड़ 59 लाख रुपये के बैंक ऋण की वसूली से जुड़ा है। सरफेसी एक्ट के तहत हुई कार्रवाई में दंडाधिकारी सह अंचल अधिकारी अमर कुमार की मौजूदगी में बैंक को संबंधित संपत्ति का विधिवत दखल-कब्जा दिलाया गया। कार्रवाई के दौरान प्रशासन और बैंक के अधिकारी मौजूद रहे।

2021 में लिया गया था ऋण
जानकारी के अनुसार मैसर्स आयन ब्रिक इंडस्ट्री प्राइवेट लिमिटेड के नाम से वर्ष 2021 में इंडियन बैंक से ऋण लिया गया था। नियमित किस्तों का भुगतान नहीं होने के कारण वर्ष 2024 में ऋण खाता एनपीए हो गया। इसके बाद बकाया राशि बढ़ती गयी और वर्तमान में करीब 2 करोड़ 59 लाख रुपये तक पहुंच गयी। ऋण के एवज में रसिकपुर स्थित आवासीय संपत्ति को बैंक के पास बंधक रखा गया था।

बंधक संपत्ति पर बैंक का था दावा।
बैंक के अनुसार रसिकपुर स्थित संबंधित संपत्ति कंपनी के निदेशक मंडल में नलिन बिलोचन झा और मुन्नी झा शामिल है। ऋण की वसूली नहीं होने के बाद बैंक ने सरफेसी एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की। विधिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद गुरुवार को प्रशासन की मौजूदगी में बैंक ने संपत्ति का भौतिक कब्जा हासिल कर लिया। इस कार्रवाई के बाद बकाया ऋण की वसूली के लिए बैंक की आगे की प्रक्रिया का रास्ता साफ हो गया है।

डीसी न्यायालय के आदेश पर प्रशासन ने कराया कब्जा।
इंडियन बैंक के शाखा प्रबंधक नारायण कुमार ने बताया कि वर्ष 2021 में लिए गये ऋण का खाता 2024 में एनपीए होने के बाद सरफेसी एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की गयी थी। बंधक संपत्ति होने के कारण नियमानुसार प्रक्रिया पूरी कर बैंक ने उसका भौतिक कब्जा लिया। वहीं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी सह अंचल अधिकारी अमर कुमार ने बताया कि बैंक ऋण का भुगतान नहीं किए जाने के मामले में डीसी न्यायालय के आदेश के आलोक में कार्रवाई की गयी। आदेश के अनुपालन में प्रशासन की मौजूदगी में संबंधित मकान का दखल-कब्जा बैंक को सौंप दिया गया। बैंक अधिकारियों के अनुसार नियमानुसार बकाया ऋण की वसूली के लिए आगे की कार्रवाई की जाएगी।

2020 में हुआ था आयन ब्रिक्स इंडस्ट्री का गठन
दुमका/निज संवाददाता। आयन ब्रिक्स इंडस्ट्री प्राइवेट लिमिटेड का गठन 28 जुलाई 2020 को हुआ था और कंपनी का पंजीकरण रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज, झारखंड के पास है। कंपनी का व्यवसाय वर्गीकरण अन्य विनिर्माण गतिविधियों के अंतर्गत है, जिसमें प्लास्टिक उत्पाद, गैर-धात्विक खनिज उत्पाद, रबर उत्पाद और फैब्रिकेटेड मेटल उत्पादों से संबंधित विनिर्माण गतिविधियां शामिल हैं।

निदेशक मंडल में नलिन बिलोचन झा और मुन्नी झा शामिल
कंपनी की अधिकृत शेयर पूंजी 10 लाख रुपये और चुकता शेयर पूंजी 1 लाख रुपये है। कंपनी के निदेशक मंडल में नलिन बिलोचन झा और मुन्नी झा शामिल हैं। उपलब्ध कंपनी विवरण के अनुसार वित्तीय वर्ष 2024-25 में कंपनी का राजस्व 10 करोड़ रुपये से कम रहा है। कंपनी का पंजीकृत कार्यालय वार्ड नंबर 3, मेघना हाउस, सिंहवाहिनी दुर्गा मंदिर के पास, रसिकपुर, दुमका में दर्ज है।





Comments