हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स की बैठक में सड़क सुरक्षा पर जोर

अतिक्रमण और अवैध पार्किंग हटाने का निर्देश, खराब वाहनों को तत्काल हटाने के लिए सुदृढ़ होगी टोइंग व्यवस्था
दुमका। गत दिनों हाईवे पर खराब पड़े ट्रक से कार की भीषण टक्कर में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की पुत्री समेत 4 छात्रों की मौत के बाद जिला प्रशासन ने सड़क सुरक्षा को लेकर कार्रवाई तेज की है। उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में बुधवार को जिला हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स की बैठक हुई। इसमें राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा, अतिक्रमण, अवैध पार्किंग, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और यातायात व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गयी। उपायुक्त ने अधिकारियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया।

अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर होगी कार्रवाई।
सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के आलोक में राष्ट्रीय राजमार्गों पर चिन्हित अतिक्रमण को तत्काल हटाने का निर्देश संबंधित अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को दिया गया। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध पार्किंग पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान कर वहां चेतावनी संकेतक, सुरक्षा उपकरण, रोड मार्किंग, बैरियर सहित अन्य जरूरी सड़क सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

खराब और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को तत्काल हटाने की होगी व्यवस्था।
बैठक में खराब या दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से तत्काल हटाने के लिए टोइंग वाहन की व्यवस्था सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया। संबंधित अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को टोइंग वाहन से संबंधित जानकारी जिला परिवहन कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि प्रमुख सड़कों पर वाहन खराब होने या दुर्घटनाग्रस्त होने की स्थिति में उन्हें शीघ्र हटाया जा सके। राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्थापित एडवांस्ड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम की नियमित निगरानी और प्रभावी संचालन के साथ पेट्रोलिंग व्यवस्था मजबूत करने का भी निर्देश दिया गया।

अगली बैठक से पहले देना होगा अनुपालन प्रतिवेदन।
बैठक में सर्वोच्च न्यायालय के सड़क सुरक्षा संबंधी निर्देशों और आदेशों के अनुपालन की विभागवार समीक्षा की गयी। संबंधित विभागों द्वारा अब तक की गयी कार्रवाई की जानकारी लेते हुए बेहतर अंतर-विभागीय समन्वय पर जोर दिया गया। उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को आगामी बैठक से पूर्व अनुपालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। बैठक में पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार और जिला परिवहन पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।





Comments