दुमका में 3.13 करोड़ की लागत से बनेगा 8 ग्रामीण पुल-पुलिया और पीसीसी पथ

ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल ने जारी किया ई-निविदा, 22 अक्टूबर को खुलेगा टेंडर
दुमका। दुमका जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क और पुल-पुलिया से जुड़ी आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, दुमका ने 8 योजनाओं के लिए अल्पकालीन ई-निविदा आमंत्रित की है। निविदा सूचना संख्या आरडीएसडी/डीएमके/यूएनटीआईईडी/34/2026-27 के तहत जारी इन योजनाओं की कुल अनुमानित लागत करीब 3.13 करोड़ रुपये है। योजनाओं में जामा, सरैयाहाट, शिकारीपाड़ा और रामगढ़ प्रखंड के विभिन्न गांवों में पीसीसी पथ, पुलिया एवं गार्डवाल निर्माण शामिल है।

जामा और सरैयाहाट में सड़क व पुलिया निर्माण।
जामा प्रखंड की चिकनियां पंचायत के बलाभिहियार गांव में जोहान मुर्मू के घर से काली मंदिर तक पीसीसी सड़क का निर्माण 16.06 लाख रुपये की अनुमानित लागत से किया जाएगा। सरैयाहाट प्रखंड के चरकापाथर पंचायत में ग्राम चरकापाथर पशु चिकित्सालय से पीएमजीएसवाई सड़क तक पुलिया निर्माण के लिए 32.57 लाख रुपये तथा जामा प्रखंड के धानपुर पंचायत के बोरोडाली गांव में पीसीसी पथ निर्माण के लिए 45.18 लाख रुपये की योजना है। इन कार्यों की निर्धारित अवधि 2 से 3 माह रखी गयी है।

गोविंदपुर और पिनरगढ़िया में भी बनेंगी पुलिया।
जामा प्रखंड के गोविंदपुर पंचायत के कुसुमडीहा गांव से मसालिया प्रखंड के मुरगोईया पंचायत के बीच जोरिया में पुलिया निर्माण के लिए 59.38 लाख रुपये की अनुमानित राशि निर्धारित की गयी है। शिकारीपाड़ा प्रखंड के पिनरगढ़िया पंचायत के पिनरगढ़िया गांव में पीएमजीएसवाई रोड से रेलवे लाइन तक पीसीसी पथ निर्माण के लिए 45.73 लाख रुपये की योजना है। दोनों योजनाओं के लिए कार्य पूरा करने की अवधि क्रमशः 6 माह और 3 माह निर्धारित की गयी है।

रामगढ़ में दो पुलिया और एक पीसीसी पथ का निर्माण।
रामगढ़ प्रखंड की हेडिंगबाधियार पंचायत में हेडिंगबाधियार एवं पाकसाड़ गांव के बीच पुलिया-सह-गार्डवाल निर्माण के लिए 42.90 लाख रुपये, लखनपुर पंचायत के जोगी एवं भटिया के बीच पुलिया-सह-गार्डवाल निर्माण के लिए 47.96 लाख रुपये तथा तेतरिया पंचायत के गड़गड़ गांव में राजेंद्र साह के घर से पुलिया तक पीसीसी पथ निर्माण के लिए 23.56 लाख रुपये की अनुमानित लागत रखी गयी है। इन योजनाओं की कार्य अवधि 2 से 6 माह निर्धारित है।

9 अक्टूबर से ऑनलाइन निविदा प्रक्रिया, 22 अक्टूबर को खुलेगा टेंडर।
निविदा का वेबसाइट पर प्रकाशन 9 अक्टूबर 2026 को किया गया है। ई-निविदा जमा करने की अंतिम तिथि एवं समय निविदा सूचना में 17 अक्टूबर को शाम 5 बजे तक अंकित है, जबकि निविदा खोलने की तिथि 22 अक्टूबर 2026 को दोपहर 2 बजे निर्धारित की गयी है। निविदा प्रक्रिया ऑनलाइन होगी और विस्तृत जानकारी झारखंड टेंडर्स की वेबसाइट पर उपलब्ध करायी गयी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि कार्य के लिए ग्रामीण विकास विभाग अथवा पथ निर्माण विभाग में पंजीकृत संवेदकों के लिए पंजीकरण आवश्यक है।





Comments