top of page

पिता बना हत्यारा, 10 वर्षीय बेटे की धारदार हथियार से हत्या

साधूडीह गांव की घटना से दहला इलाका

दुमका। रामगढ़ प्रखंड के साधूडीह गांव में बुधवार शाम घरेलू विवाद के बीच एक पिता ने अपने ही 10 वर्षीय पुत्र की धारदार हथियार से हत्या कर दी। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतक की पहचान कुशाल कुमार के रूप में हुई है।

पत्नी से विवाद के बाद बढ़ा मामला

जानकारी के अनुसार आरोपी संजय कामती और उसकी पत्नी पूजा देवी के बीच कई दिनों से विवाद चल रहा था। इसी मामले को लेकर पत्नी ने 17 मार्च को रामगढ़ थाना में आवेदन दिया था। बुधवार को आरोपी अपने बच्चों के साथ ससुराल साधूडीह पहुंचा और पत्नी पर केस वापस लेने का दबाव बनाने लगा, जिससे विवाद और बढ़ गया।

मां को बचाने के दौरान बेटे पर किया हमला

बताया जाता है कि विवाद के दौरान आरोपी ने पहले पत्नी पर हमला करने की कोशिश की। डर के कारण वह बच्चों के साथ घर से बाहर निकल गई। इसी दौरान उनका 10 वर्षीय पुत्र कुशाल अपने पिता को शांत करने का प्रयास करने लगा, लेकिन गुस्से में बेकाबू पिता ने उसी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी संजय कामती को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है।

मामले की जांच जारी, गांव में शोक का माहौल

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। ग्रामीणों के अनुसार पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो इस दर्दनाक घटना में बदल गया।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page