पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बनेगा वार्षिक टूरिज्म कैलेंडर: उपायुक्त अभिजीत सिन्हा
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Oct 4, 2025
- 2 min read

दुमका। उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में शनिवार को पर्यटन एवं खेलकूद विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पूरे वर्ष का टूरिज्म कैलेंडर तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि टूरिज्म कैलेंडर के माध्यम से जिले के विभिन्न पर्यटक स्थलों पर होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी पहले से उपलब्ध रहेगी, जिससे अधिक से अधिक लोग इन आयोजनों में भाग ले सकेंगे और जिले के पर्यटन को गति मिलेगी।

मसानजोड़ में आयोजित किया जायेगा काइट फेस्टिवल
बैठक में उपायुक्त ने मसानजोर में निर्माणाधीन बोट शेड की प्रगति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को इसे एक माह के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने मसानजोर में बोटिंग प्रतियोगिता आयोजित करने की योजना बनाने का भी निर्देश दिया, ताकि पर्यटकों की संख्या में वृद्धि हो और जलक्रीड़ा गतिविधियों को बढ़ावा मिले। उन्होंने इस बार मसानजोर में काइट फेस्टिवल आयोजित करने का निदेश दिया।

सेल्फी ब्रिज पर बनाया जा रहा फ्लोटिंग रेस्टुरेंट
इस दौरान उपायुक्त ने सेल्फी ब्रिज पर बनने वाले फ्लोटिंग रेस्टुरेंट की प्रगति की जानकारी ली। बैठक में बताया गया कि इस संबंध में विभाग को पत्राचार किया जा चुका है। उन्होंने मसानजोर के इको कॉटेज के आसपास पार्क लाइट लगाने, तथा सेल्फी ब्रिज पर बेंच और गज़ीबो के अधिष्ठापन का कार्य शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया।

होगा डस्ट्रिक्ट लेवल फोटोग्राफी कॉम्पिटिशन का आयोजन
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए उपायुक्त ने कहा कि जिले में डिस्ट्रिक्ट लेवल फोटोग्राफी कॉम्पिटिशन का आयोजन किया जाएगा। खेलकूद की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि नव निर्मित इंडोर स्टेडियम में आगामी 15 दिनों के भीतर बैडमिंटन सहित अन्य खेलकूद की सामग्री उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि सभी सामग्रियों की खरीद नियमानुसार और पारदर्शी तरीके से की जाए। बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला खेलकूद पदाधिकारी उपस्थित थे।





Comments