गोलीकांड के विरोध में दुमका से बस सेवा ठप, प्रशासन के आश्वासन पर रात 12 बजे के बाद परिचालन बहाल
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- 3 hours ago
- 2 min read

300 बसों का परिचालन रहा बंद, बाजार और दुकानें भी प्रभावित
दुमका। संथाल परगना मोटर मजदूर संघ के अध्यक्ष अरूण सिंह पर हुए फायरिंग मामले में अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होने के विरोध में मंगलवार को दुमका के अटल बिहारी वाजपेयी बस पड़ाव से बस सेवा पूरी तरह ठप रही। इस दौरान झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के विभिन्न स्थानों के लिए चलने वाली लगभग 300 छोटी-बड़ी बसों और यात्री वाहनों का परिचालन बंद रहा। बस सेवा ठप रहने से दुमका बाजार का कारोबार भी प्रभावित हुआ और बस स्टैंड तथा मैक्सी स्टैंड के आसपास की दुकानें भी बंद रहीं।

फायरिंग की घटना के बाद आक्रोशित हुए मोटर मजदूर
ज्ञात हो कि 24 फरवरी को दुमका स्थित डीआईजी कार्यालय के सामने बाइक सवार दो अपराधियों ने मोटर मजदूर संघ के अध्यक्ष अरूण सिंह पर उस समय पीछे से गोली चला दी थी, जब वह बस स्टैंड से अपने घर गिलानपाड़ा लौट रहे थे। घायल होने के बाद उन्हें दुमका के पीजेएमसीएच ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर मिशन अस्पताल रेफर किया गया था। इलाज के बाद लौटे अरूण सिंह ने कहा कि दो वर्ष पहले भी उन पर इसी तरह का हमला हुआ था, लेकिन उस मामले में भी सभी अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई।

बस स्टैंड में बस मालिक और मजदूर नेताओं के बीच हुई बातचीत
बंदी के दौरान बस मालिक संजय चौधरी अचानक बस स्टैंड पहुंचे और बसों का परिचालन शुरू कराने की बात कही। इस दौरान अरूण सिंह ने उनसे हाथ जोड़कर आग्रह किया और बाद में दोनों के बीच वाहन में बैठकर बातचीत हुई, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई। बंद को बस मालिक समिति और बस स्टैंड दुकानदार संघ का भी समर्थन मिला।

प्रशासन से वार्ता के बाद बस सेवा बहाल करने का निर्णय
मोटर मजदूर संघ के नेता कौशल सिंह ने बताया कि बस स्टैंड में एसडीपीओ विजय कुमार महतो, डीएसपी (मुख्यालय) ईकुड डुंगडुंग तथा प्रभारी एसडीओ सह प्रशिक्षु आईएएस नाजिस उमर अंसारी ने अरूण सिंह और संगठन के सदस्यों से वार्ता की। इसके बाद उपायुक्त से भी बातचीत हुई। प्रशासन के आश्वासन के बाद संगठन ने निर्णय लिया कि मंगलवार की रात 12 बजे के बाद दुमका से यात्री बसों का परिचालन पुनः शुरू कर दिया जाएगा।

बस स्टैंड में तमंचा लेकर घूम रहा युवक पकड़ा गया
इधर, नगर थाना क्षेत्र के बस स्टैंड में मंगलवार को तमंचा लेकर घूम रहे एक युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए युवक की पहचान मसलिया निवासी मंगल किस्कू के रूप में हुई है। उसके झोले से एक जंग लगा तमंचा और एक जिंदा गोली बरामद हुई। पूछताछ में युवक ने बताया कि उसने 50 रुपये में एक अज्ञात व्यक्ति से तमंचा खरीदा था। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।





Comments