पति-पत्नी की पंचायत से पहले कुएं में मिला 5 वर्षीय अमन का शव
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- 3 hours ago
- 2 min read

गोपीकांदर/निज संवाददाता। गोपीकांदर थाना क्षेत्र के धोबरना गांव में रविवार सुबह उस समय मातम पसर गया जब गांव के बाहर स्थित एक पुराने कुएं में 5 वर्षीय अमन किस्कू का शव तैरता हुआ मिला। सुबह ग्रामीणों ने शव को देखा तो पूरे गांव में खबर फैल गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला।

नानी घर में मां के साथ रहता था अमन
अमन किस्कू अपनी मां डोली टुडू के साथ धोबरना गांव स्थित नानी घर में रहता था। परिजनों के अनुसार शनिवार रात वह अपनी मां के साथ सोया था, लेकिन रात में कब और कैसे घर से बाहर निकला, इसकी जानकारी किसी को नहीं हो सकी। सुबह उसकी तलाश के दौरान ग्रामीणों को गांव के बाहर कुएं में उसका शव मिला। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

शव से लिपटकर नानी लगाती रही जगाने की गुहार
कुएं से शव बाहर निकाले जाने के बाद अमन की नानी उसे गोद में लेकर फूट-फूटकर रोने लगी। वह बार-बार बच्चे को जगाने की कोशिश करती रही और उसे सीने से लगाए रखी। आसपास मौजूद लोगों ने काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह लंबे समय तक शव को गोद से उतारने के लिए तैयार नहीं हुई। बाद में ग्रामीणों ने समझाकर शव को अंतिम प्रक्रिया के लिए घर पहुंचाया।

पति-पत्नी के विवाद पर होनी थी पंचायत
मृतक की मां डोली टुडू ने बताया कि उसका अपने पति निकोलस किस्कू के साथ शादी के बाद से ही विवाद चल रहा है। निकोलस किस्कू का घर पाकुड़िया थाना क्षेत्र के तलवा गांव के समीप बताया गया है। ग्रामीणों के अनुसार रविवार को दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने और विवाद का समाधान निकालने के लिए गांव में पंचायत होने वाली थी। इसी बीच अमन की मौत की घटना ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है।

मौत को लेकर उठ रहे कई सवाल, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोगों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि रात के अंधेरे में एक 5 वर्षीय बच्चा घर से निकलकर दूर स्थित कुएं तक कैसे पहुंच गया। साथ ही यह भी चर्चा है कि कहीं उसे किसी साजिश के तहत कुएं में तो नहीं फेंका गया। पुलिस ने डोली टुडू के फर्दबयान पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी सुमित कुमार भगत ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा तथा मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।





Comments