top of page

रामगढ़ में वज्रपात से 3 की मौत, 4 वर्षीय बच्ची समेत कई घायल

अलग-अलग गांवों में गिरी आकाशीय बिजली, खेतों में काम कर रहे लोग बने शिकार

गिदबन्ना में खेत में काम कर रही महिला की मौत

रामगढ़ प्रखंड में मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे हुई तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से अलग-अलग गांवों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 वर्षीय बच्ची सहित आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। पहली घटना छोटी रणबहियार पंचायत के गिदबन्ना गांव में हुई, जहां धान की रोपाई कर रहे एक परिवार पर वज्रपात हो गया। हादसे में 20 वर्षीय आलतामुनी मरांडी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति राजेंद्र मुर्मू और 4 वर्षीय पुत्री गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामगढ़ से प्राथमिक उपचार के बाद फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीजेएमसीएच), दुमका रेफर किया गया।

खुदीमेरखो में खेत में काम कर रहे युवक की गई जान

वज्रपात की दूसरी घटना छोटी रणबहियार पंचायत के खुदीमेरखो गांव में हुई। यहां 30 वर्षीय बाबूलाल हेम्ब्रम खेत में काम कर रहे थे। ग्रामीणों के अनुसार उनकी मां कुछ देर पहले घर लौट गई थीं, जबकि बाबूलाल खेत में ही काम करते रहे। इसी दौरान तेज बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

डुमरजोर में भी वज्रपात से युवक की मौत

तीसरी घटना कांजो पंचायत के डुमरजोर गांव में हुई। यहां खेत में काम कर रहे भैरो कुंअर के लगभग 35 वर्षीय पुत्र रोहित कुंअर वज्रपात की चपेट में आ गए। परिजन और ग्रामीण उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामगढ़ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

आलूबाड़ा गांव में दो महिलाएं घायल

छोटी रणबहियार पंचायत के आलूबाड़ा गांव में भी आकाशीय बिजली गिरने से दो महिलाएं घायल हो गईं। घायलों की पहचान बबिता देवी, पति शिवाजी यादव तथा चिंता देवी, पति नकुल यादव के रूप में हुई है। दोनों का इलाज एक निजी क्लीनिक में चल रहा है।

प्रशासन ने लोगों से बरसात में सतर्क रहने की अपील की

लगातार हो रही बारिश के बीच एक ही दिन में हुई वज्रपात की घटनाओं से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रभावित परिवारों को सरकारी सहायता देने की मांग की है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले खेतों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page