फर्जी पुलिस बनकर पहुंचे दो युवक गिरफ्तार, ग्रामीणों ने खंभे से बांधकर पुलिस को सौंपा
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- 4 days ago
- 1 min read

महिला के घर पहुंचकर खुद को बताया पुलिसकर्मी
दुमका। मसलिया थाना क्षेत्र के पाटनपुर गांव में शनिवार को खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक महिला के घर पहुंचे दो युवकों को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के अनुसार, दोनों युवक चारपहिया वाहन से गांव पहुंचे और स्वयं को देवघर जिले के सारठ थाना की पुलिस बताने लगे।

महिला के पुत्र को हुआ संदेह
महिला के पुत्र निरंजन गोंराई को दोनों युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। उसने गुप्त रूप से मसलिया थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजेश रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया और भागने से रोकने के लिए बिजली के खंभे से बांध दिया।

पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर थाना पहुंचाया। मामले की जांच के दौरान महिला सीमा गोंराई से भी पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी राजेश रंजन ने बताया कि पूरे मामले की जांच जारी है। पूछताछ के बाद तथ्यों के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है।





Comments