top of page

थाने में प्रेमिका ने प्रेमी को जड़ा थप्पड़, युवक बेहोश, पीजेएमसीएच में भर्ती

समझौते के दौरान हुई घटना

दुमका। नगर थाना परिसर में सोमवार को प्रेम प्रसंग से जुड़े एक मामले की सुनवाई के दौरान उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक युवती ने पुलिस की मौजूदगी में अपने प्रेमी को थप्पड़ मार दिया। थप्पड़ लगने के बाद युवक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस ने तत्काल उसे फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीजेएमसीएच) में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

कॉलेज में हुई थी दोनों की पहचान

बेहोश हुए युवक की पहचान पाकुड़ जिले के पाकुड़िया थाना क्षेत्र के तलवा गांव निवासी अशोक मुर्मू के रूप में हुई है, जो दुमका के एसपी कॉलेज में एमए का छात्र है। युवती रामगढ़ थाना क्षेत्र के कुरुवा गांव की रहने वाली है। दोनों की पहचान कॉलेज में पढ़ाई के दौरान हुई थी और धीरे-धीरे उनके बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गया। बाद में दोनों साथ रहने लगे।

शादी से इंकार के बाद बढ़ा विवाद

युवती का आरोप है कि साथ रहने के दौरान वह गर्भवती हो गई। इसके बाद उसने युवक पर शादी का दबाव बनाया, लेकिन युवक ने बेरोजगारी का हवाला देकर शादी से इंकार कर दिया। आरोप है कि बाद में युवक ने एक निजी अस्पताल में उसका गर्भपात कराया और फिर उससे दूरी बना ली। इसके बाद युवती ने पांच दिन पहले नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

बातचीत के दौरान युवक को मारा थप्पड़

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को समझौते के लिए थाना बुलाया था। सोमवार को युवक अपनी मां और मौसी के साथ थाना पहुंचा, जबकि युवती अपने परिजनों के साथ आई थी। दोनों पक्षों के बीच बातचीत चल रही थी। इसी दौरान युवती ने युवक की कनपटी पर थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस ने बताया खतरे से बाहर है युवक

नगर थाना प्रभारी अशोक राम ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच समझौते का प्रयास किया जा रहा था। बातचीत के दौरान यह घटना हुई। युवक की तबीयत बिगड़ने पर उसे तत्काल पीजेएमसीएच भेजा गया। चिकित्सकों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है और फिलहाल उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page