बासुकीनाथ से लौट रहे भागलपुर के दो युवकों की सड़क हादसे में मौत
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- 8 hours ago
- 2 min read

घोरटोपी मोड़ के पास ट्रैक्टर की टक्कर, चार बाइक से आए थे आठ दोस्त
दुमका। जरमुंडी थाना क्षेत्र के घोरटोपी मोड़ के पास शुक्रवार सुबह ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान भागलपुर जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र के मोहनपुर निवासी 19 वर्षीय सन्नी कुमार और 21 वर्षीय अनिकेत कुमार के रूप में हुई है। दोनों अपने सात अन्य दोस्तों के साथ चार बाइक से बाबा बासुकीनाथ धाम में पूजा-अर्चना करने आए थे। दर्शन के बाद सभी अपने घर लौट रहे थे, तभी घोरटोपी मोड़ के पास एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके साथी दोनों को लेकर दुमका के फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीजेएमसीएच) पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

शव लेकर निकल गई एंबुलेंस, पुलिस ने कराया वापस
दोनों युवकों के मृत घोषित होने के बाद उनके साथी पुलिस को सूचना दिए बिना निजी एंबुलेंस से शव लेकर बिहार के लिए रवाना हो गए। सुबह करीब आठ बजे नगर थाना के एएसआई कुमोद कुमार अस्पताल पहुंचे तो शव नहीं मिलने पर पूछताछ शुरू की। एंबुलेंस चालक का मोबाइल नंबर मिलने पर पुलिस ने उससे संपर्क किया। चालक ने बताया कि वह गोड्डा जिले में बिहार सीमा के पास पहुंच चुका है। पुलिस के निर्देश पर वह दोपहर करीब 12 बजे शव लेकर वापस अस्पताल लौटा। इसके बाद नगर थाना पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया।

बाइक पर लादकर घायलों को पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद युवकों के साथियों ने न तो पुलिस को सूचना दी और न ही 108 एंबुलेंस की मदद ली। उन्होंने गंभीर रूप से घायल दोनों दोस्तों को दो अलग-अलग बाइक के बीच बैठाकर पीजेएमसीएच पहुंचाया। अस्पताल में दोनों की मौत की पुष्टि होने के बाद ही निजी एंबुलेंस की व्यवस्था की गई। इस पूरे घटनाक्रम ने दुर्घटना के बाद अपनाई गई प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े कर दिए।

पुलिस जांच में जुटी, ट्रैक्टर चालक की तलाश
मृतकों के साथी विशु ने बताया कि आठ दोस्त चार मोटरसाइकिलों से बासुकीनाथ दर्शन के लिए आए थे। लौटने के दौरान घोरटोपी मोड़ के पास ट्रैक्टर ने उनकी एक बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश जारी है।





Comments