दूसरे दिन भी प्रखण्ड कार्यालय से खाली हाथ लौटे कार्डधारी
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Sep 27, 2025
- 2 min read

तीन माह से नहीं मिला है राशन, 17 दिन बाद भी स्थिति जस की तस
दुमका। जिले के काठीकुंड प्रखंड में बड़तल्ला पंचायत के सैकड़ों राशन कार्डधारी लगातार दो दिनों से राशन नहीं मिलने की शिकायत लेकर प्रखंड कार्यालय का चक्कर काट रहे हैं। शनिवार को भी बड़ी संख्या में कार्डधारी कार्यालय पहुंचे, लेकिन बीडीओ से मुलाकात नहीं हो पाई। कार्डधारियों ने बताया कि 10 सितंबर को वे बीडीओ से मिले थे और डीलर के द्वारा तीन माह से राशन नहीं देने की शिकायत दर्ज कराई थी। उस समय बीडीओ ने लिखित आदेश जारी कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया था, लेकिन 17 दिन बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।

शुक्रवार को बीडीओ से मिले थे ग्रामीण, शनिवार को नहीं हुई भेंट
इससे पूर्व शुक्रवार को नाराज ग्रामीण प्रखंड कार्यालय पहुंचे थे और बीडीओ सौरभ कुमार से मुलाकात कर समस्या रखी थी। बीडीओ ने उन्हें आश्वस्त किया था कि शनिवार को राशन उपलब्ध हो जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि आश्वासन के बाद जब वे डीलर के पास पहुंचे तो डीलर ने साफ कह दिया कि ब्लॉक से राशन भेजा ही नहीं गया है, ऐसे में वह कहां से देगा। इस पर आक्रोशित ग्रामीण शनिवार की दोपहर फिर प्रखंड कार्यालय पहुंचे, लेकिन इस बार भी बीडीओ से उनकी भेंट नहीं हो पाई।

कार्डधारियों ने सड़क जाम करने की दी चेतावनी
नाराज कार्डधारियों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द उन्हें राशन मुहैया नहीं कराया गया तो वे सड़क पर उतर कर आंदोलन करेंगे। इस संबंध में बड़तल्ला पंचायत के मुखिया दूरबीन किस्कु ने बताया कि जब ग्रामीण उनके पास पहुंचे तो उन्होंने स्वयं बीडीओ को फोन कर मामले की जानकारी दी।

नहीं मिले विधायक, सांसद प्रतिनिधि को सुनायी पीड़ा
कार्डधारी राशन नहीं मिलने की शिकायत लेकर शिकारीपाड़ा विधायक आलोक सोरेन के आवास पर पहुंचे लेकिन विधायक नहीं थे। सांसद प्रतिनिधि जोन सोरेन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ को समस्या का जल्द समाधान के लिए कहा है, बीडीओ ने भी कार्रवाई का आश्वासन जरूर दिया है, लेकिन अब तक ठोस जवाब नहीं मिला है। मुखिया ने कहा कि गरीब परिवारों को महीनों से राशन से वंचित रखना गंभीर लापरवाही है और प्रशासन को इस पर त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए।




Comments