top of page

दुर्गापूजा के बीच बच्चा चोरी की अफवाह से हड़कंप, संदेह में महिला को पकड़ा

21 minutes ago
2 min read

दुमका के सिविल सर्जन आवासीय परिसर में घटना, रानीश्वर की रहने वाली महिला को पूछताछ के लिए थाने ले गई पुलिस अफवाह से मचा हड़कंप: 

दुमका। दुर्गापूजा के दौरान बच्चा चोरी की अफवाह से पुलिस की परेशानी बढ़ गई है। शुक्रवार दोपहर बस स्टैंड के सामने स्थित सिविल सर्जन एवं अस्पताल कर्मियों के आवासीय परिसर में बच्चा चोरी के संदेह में स्थानीय लोगों ने एक महिला को पकड़ लिया। हालांकि, महिला के बच्चा चोरी में शामिल होने की अब तक पुष्टि नहीं हुई है। सूचना मिलने पर नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को पूछताछ के लिए थाने ले गई। पुलिस के अनुसार, अब तक किसी ने महिला के खिलाफ कार्रवाई के लिए आवेदन नहीं दिया है।

कचरा बीनने के दौरान हुआ विवाद: 

जानकारी के अनुसार, 2 महिलाएं सिविल सर्जन के आवासीय परिसर में कचरा बीन रही थीं। इसी दौरान परिसर में रहने वाले बाइक सवार 2 युवकों ने उन्हें टोका। इसके बाद दोनों महिलाएं वहां से भागने लगीं। अनजान महिलाओं को भागते देख लोगों ने बच्चा चोर होने का संदेह जताते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। इसी बीच एक महिला ने दीवार फांदकर भागने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया। करीब 1 घंटे तक लोगों ने महिला को अपने पास रखा।

खुद को रानीश्वर की निवासी बताया: 

लोगों की पूछताछ के दौरान महिला ने अपना नाम नहीं बताया। वह बार-बार कहती रही कि वह चोरी करने नहीं, बल्कि कचरा बीनने आई थी और लोगों के शोर मचाने से डरकर भागने लगी थी। बाद में पुलिस पूछताछ में उसने खुद को रानीश्वर की निवासी बताया। पुलिस महिला से पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। फिलहाल, बच्चा चोरी से संबंधित कोई ठोस तथ्य सामने आने की जानकारी नहीं है।

कचरा बीनने वाली महिलाओं से पहले भी पूछताछ: 

जानकारी के अनुसार, रानीश्वर की करीब 7 महिलाएं लंबे समय से दुमका शहर और आसपास के इलाकों में घूमकर प्लास्टिक की खाली बोतलें और अन्य बिक्री योग्य कचरा इकट्ठा करती हैं। वे इसे बड़े बोरों में भरकर ले जाती हैं। इस दौरान कुछ महिलाओं पर सामान चोरी करने के आरोप भी लगे हैं, जिसके बाद नगर थाना पुलिस उनसे पूछताछ कर चुकी है। इसी वजह से पुलिस इन महिलाओं के बारे में पहले से जानकारी रखती है। हालांकि, कचरा बीनने वाली इन महिलाओं पर बच्चा चोरी का संदेह जताए जाने का यह पहला मामला बताया जा रहा है। बच्चा चोरी की अफवाहों के बीच बिना पुष्टि किसी को बच्चा चोर बताने से बचना जरूरी है।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page