top of page

दुर्गा पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक, सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानी

3 minutes ago
3 min read

इस वर्ष भी यज्ञ मैदान में नहीं होगा रावण दहन

दुमका। आगामी दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए बुधवार को इंडोर स्टेडियम में उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार, अनुमंडल पदाधिकारी कौशल कुमार, पूजा समितियों के प्रतिनिधि और संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे। सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी पूजा समितियों को पंडालों की मजबूती, सुरक्षित विद्युत वायरिंग, उचित अर्थिंग और अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। पंडालों में नायलॉन और सिंथेटिक कपड़ों का इस्तेमाल नहीं करने तथा बिजली का वैध कनेक्शन लेने पर जोर दिया गया। सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर पूजा समिति के अध्यक्ष और सचिव को संयुक्त शपथ पत्र संबंधित थाना प्रभारी को सौंपना होगा।

सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानी

सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पूजा पंडालों और श्रद्धालुओं के आवागमन वाले मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा ड्रोन से निगरानी करने का निर्देश दिया गया। पूजा समितियों को पर्याप्त संख्या में पहचान पत्रधारी स्वयंसेवक तैनात करने और उनकी सूची संबंधित थाना को उपलब्ध कराने को कहा गया। प्रत्येक पंडाल में अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार की सुविधा और आपातकालीन निकास की व्यवस्था अनिवार्य होगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।

यातायात और प्रतिमा विसर्जन के लिए तय होंगे मार्ग

श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ नियंत्रण के लिए शहरी क्षेत्र में वन-वे और नो-एंट्री व्यवस्था लागू रहेगी। प्रतिमा विसर्जन निर्धारित मार्ग से चिह्नित स्थलों पर ही किया जाएगा। विसर्जन घाटों पर बैरिकेडिंग, पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। नगर परिषद को पूजा के दौरान साफ-सफाई बनाए रखने और पंडालों तक पहुंचने वाले रास्तों को अतिक्रमणमुक्त रखने को कहा गया, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी नहीं हो।

डीजे और गानों पर रहेगी निगरानी

पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार ने पूजा समितियों को बजाए जाने वाले गानों की सूची संबंधित थाना को उपलब्ध कराने और ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का पालन करने का निर्देश दिया। धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली गतिविधियों से बचने की अपील की गई। मेला और खाद्य स्टॉल लगाने के लिए आवश्यक अनुमति लेना भी अनिवार्य होगा। एसपी ने बताया कि पूजा पंडालों और संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल के साथ महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की जाएगी।

अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

उपायुक्त ने सोशल मीडिया पर भ्रामक और आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट या फॉरवर्ड नहीं करने की अपील की। ऐसी सामग्री की जानकारी तत्काल प्रशासन या पुलिस को देने का निर्देश दिया गया। सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने आम लोगों से अपील की कि छिनतई या पॉकेटमारी करते पकड़े गए किसी व्यक्ति के साथ मारपीट करने के बजाय उसे पुलिस के हवाले करें।

इस वर्ष भी यज्ञ मैदान में नहीं होगा रावण दहन

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पूर्व के वर्षों की तरह इस वर्ष भी यज्ञ मैदान में रावण दहन का आयोजन नहीं किया जाएगा। पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं और आवश्यकताएं रखीं, जिन पर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और आयोजन से जुड़ी तैयारियों पर भी चर्चा हुई।

सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील

उपायुक्त अभिजीत सिन्हा और एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने पूजा समितियों तथा आम नागरिकों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ दुर्गा पूजा मनाने की अपील की। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों का पालन करना और प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखना सभी आयोजकों की जिम्मेदारी है। अधिकारियों ने पूजा के दौरान शांति-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी समस्या की सूचना तत्काल प्रशासन या पुलिस को देने की अपील की।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page