अनोखी शिकायत बनी चर्चा का विषय, बकरा लेकर हंसडीहा थाना पहुंची महिला

दुमका। आमतौर पर थाने में मारपीट, चोरी और जमीन विवाद की शिकायतें पहुंचती हैं, लेकिन बुधवार सुबह हंसडीहा थाना में एक अनोखा मामला सामने आया। पगवारा गांव की मोसमात राधिया अपने घायल बकरे को लेकर थाने पहुंच गईं। उनके हाथ में एक आवेदन भी था, जिसे उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारी को सौंपा। महिला की शिकायत दो बकरों के बीच हुई लड़ाई को लेकर थी, जिसे सुनकर पुलिसकर्मी भी कुछ देर के लिए असमंजस में पड़ गए।

पड़ोसी के बकरे पर लगाया चोट पहुंचाने का आरोप
महिला ने अपने आवेदन में आरोप लगाया कि गांव के ही हप्पू लाया के बकरे के साथ उनके बकरे की लड़ाई हो गई। इस दौरान उनके बकरे को गंभीर चोटें आईं। अपने बकरे की हालत देखकर महिला ने मामले को नजरअंदाज करने के बजाय सीधे थाने पहुंचकर शिकायत करने का निर्णय लिया। इस तरह दो बकरों के बीच हुई लड़ाई का मामला पुलिस तक पहुंच गया।

पुलिस ने समझाया, कार्रवाई का दिया आश्वासन
महिला की शिकायत सुनने के बाद पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाया-बुझाया। काफी देर बातचीत के बाद पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद महिला अपने घायल बकरे को लेकर वापस लौट गईं। हालांकि, इस मामले में पुलिस की ओर से आगे क्या कार्रवाई की जाएगी, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।

इलाके में चर्चा का विषय बना मामला
दो बकरों की लड़ाई की शिकायत लेकर महिला के थाने पहुंचने का मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। आमतौर पर इंसानों के बीच विवाद सुलझाने वाली पुलिस के सामने इस बार बकरों की लड़ाई का मामला आया। महिला अपने बकरे को न्याय दिलाने की उम्मीद लेकर थाने पहुंची थीं। अब देखना होगा कि इस अनोखी शिकायत पर आगे क्या कार्रवाई होती है।





Comments