दुमका में हुए डबल लूटकांड का पर्दाफाश, पुलिस के हत्थे चढ़े तीन शातिर बदमाश
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- 3 days ago
- 2 min read

मसलिया और शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में लगातार हुई दो लूट की वारदातों का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल था, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर ताबड़तोड़ छापेमारी अभियान चलाया गया और आखिरकार आरोपियों को दबोच लिया गया।

फेरी व्यवसायी को चाकू दिखाकर लूटा, विरोध पर किया हमला
29 जनवरी 2026 को शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के केंदपहाड़ी मोड़ के पास सुनसान जगह पर तीन बाइक सवार अपराधियों ने एक फेरी व्यवसायी को रोक लिया। बदमाशों ने चाकू का भय दिखाकर उससे करीब आठ हजार रुपये लूट लिए और विरोध करने पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। मामले में शिकारीपाड़ा थाना कांड संख्या 15/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।

अगले ही दिन दूसरी वारदात, सिदपहाड़ी मोड़ पर फिर लूट
पहली घटना के अगले दिन 30 जनवरी को मसलिया थाना क्षेत्र के सिदपहाड़ी मोड़ के पास भी तीन अज्ञात अपराधियों ने एक व्यक्ति से करीब सात हजार रुपये लूट लिए। लगातार दो दिनों में दो लूटकांड होने से पुलिस महकमा अलर्ट मोड में आ गया और दोनों मामलों को जोड़कर एक ही गिरोह की संलिप्तता मानते हुए विशेष छापामारी टीम बनाई गई।

तीनों आरोपी गिरफ्तार, हथियार और बाइक बरामद
विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए 1 फरवरी को तीनों आरोपियों—धर्मेन्द्र राय (24), बिबिसन राय (22) और इदुल सलामत अंसारी उर्फ सोनू (20)—को गिरफ्तार कर लिया। तीनों दुमका मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के लखीकुंडी खैरापाड़ा गांव के निवासी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अपाची मोटरसाइकिल, एक फोल्डिंग चाकू और लूटे गए तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए।

स्पेशल टीम की कार्रवाई से खुला राज, पुलिस ने बताया बड़ी सफलता
इस पूरे अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर विजय कुमार महतो, पुलिस उपाधीक्षक इकुड दुगंडुग, शिकारीपाड़ा थाना प्रभारी अमित कुमार लकड़ा, मसलिया थाना प्रभारी राजेश रंजन समेत कई पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने इस कार्रवाई को क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में बड़ी सफलता बताया है और गिरोह के अन्य कनेक्शन भी खंगाले जा रहे हैं।





