दुमका में सनसनी: 19 वर्षीय युवक ने खुद को गोली मारकर किया आत्मघाती प्रयास
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- 3 hours ago
- 2 min read

दुमका शहर के जिला स्कूल रोड इलाके में बुधवार तड़के एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां 19 वर्षीय देव सिंह ने अपने सिर में गोली मार ली। घटना सुबह करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है। गोली लगने के बाद परिजन आनन-फानन में उसे उठाकर पीजेएम अस्पताल दुमका पहुंचे, जहां हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल रेफर कर दिया।

कनपटी पर मारी गोली, सिर को चीरते हुए पार निकली — बाल-बाल बचा दिमाग
जानकारी के अनुसार युवक ने कनपटी पर गोली चलाई, जो सिर के अगले हिस्से को छेदते हुए दूसरी ओर से निकल गई। राहत की बात यह रही कि गोली ब्रेन को गंभीर क्षति पहुंचाए बिना पार हो गई। डॉक्टरों के अनुसार स्थिति नाजुक जरूर है, लेकिन दिमाग सुरक्षित रहने से जीवन बचने की उम्मीद बनी हुई है।

पारिवारिक बीमारी से उपजा तनाव बना बड़ा कारण — पुलिस की प्रारंभिक पड़ताल
नगर थाना प्रभारी जगरनाथ धान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक के पिता नरेन्द्र सिंह उर्फ लल्लू सिंह की दोनों किडनियां खराब हैं और लंबे समय से उनका इलाज चल रहा है। इसी पारिवारिक संकट और मानसिक तनाव के कारण युवक के अवसाद में आने और यह कदम उठाने की आशंका जताई जा रही है।

घर की लाईसेंसी बंदूक से चली गोली, पुलिस पहुंची तो घर था खाली
पुलिस के अनुसार घटना घर में मौजूद लाईसेंसी बंदूक से हुई। जब तक पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तब तक परिजन घायल युवक को लेकर दुर्गापुर के लिए रवाना हो चुके थे, जिससे घर बंद मिला। पुलिस अब परिवार के लौटने का इंतजार कर रही है ताकि हथियार जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जा सके।

दुर्गापुर के निजी अस्पताल में चल रहा इलाज, परिवार सदमे में
घायल देव सिंह को बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर के हेल्थ वर्ल्ड अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है। परिवार का इकलौता बेटा होने के कारण घर में गहरा सदमा है। पुलिस ने कहा है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।









Comments