दुमका में हुई दिल दहला देनेवाली घटना, पत्नी और दो मासूम बच्चों की हत्या करने के बाद लगा ली फांसी
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Nov 23, 2025
- 2 min read

पत्नी और दो मासूम बच्चों की हत्या करने के बाद लगा ली फांसी
हंसडीहा के बरदेही गांव से पुलिस ने पति-पत्नी और दो बच्चों समेत चार शव किया बरामद
दुमका। दुमका जिला के हंसडीहा थाना क्षेत्र के बरदेही गांव से दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां पति ने अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों की हत्या कर दी है और खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। मृतकों में पति वीरेंद्र मांझी, उसकी पत्नी आरती कुमारी, 4 साल की बेटी रूही कुमारी और 2 साल का बेटा भी विराज कुमार शामिल है।

फर्श पर मिला पत्नी और दो बच्चों का शव
दुमका। पत्नी और दोनों बच्चों का शव घर के कमरे में फर्श पर पड़ा हुआ पाया गया है जबकि पति वीरेंद्र मांझी का शव पास के ही एक खेत से बरामद किया गया है।
गला दबा कर तीनों को मार डाला
दुमका। बताया जाता है कि वीरेंद्र मांझी ने अपनी पत्नी बेटी और बेटा के गला दबाकर हत्या कर दी है। तीनों शवों के गले पर अंगुलियों के निशान पाये गये हैं। पत्नी और दोनों बच्चों को मौत के घाट उतारने के बाद वीरेंद्र मांझी ने खेत में स्थित एक पेड़ में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
परिजनों ने पेड़ से उतारा शव, खेत में छोड़ा
दुमका। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने रस्सी काटकर शव को उतारा और फिर पुलिस के भय से वीरेंद्र मांझी के शव को खेत में ही छोड़ दिया। सूचना मिलने पर हंसडीहा थाना प्रभारी ताराचंद रविवार की सुबह मौके पर पहुंचे और पति वीरेंद्र माझी (30 वर्ष), पत्नी आरती कुमारी (26 वर्ष), पुत्री रूही कुमारी (4 वर्ष) और पुत्र विराज कुमार (2 वर्ष) का शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुमका भिजवाया।
एक दिन पहले ही पत्नी और बच्चों को लाया था घर
दुमका। जानकारी के मुताबिक आरती और वीरेंद्र मांझी की शादी 6 वर्ष पूर्व हुई थी। आरती पालोजोरी स्थित अपने मायके में रह रही थी। शनिवार को ही वीरेंद्र मांझी अपनी पत्नी और दो बच्चों को अपने ससुराल से लेकर घर आया था। वीरेंद्र मांझी किसान और मजदूर है। घर में उसके अलावा उसके माता-पिता भी मौजूद थे।








Comments