भागवत कथा के दौरान कथावाचक से लूट की वारदात
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Mar 2
- 1 min read

दुमका जिले के मसलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बसमत्ता गम्हरिया में भागवत कथा कार्यक्रम के दौरान लूट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। धनबाद जिले के मैथन थाना क्षेत्र के पोयलाडीह निवासी 28 वर्षीय दयाल लोहार, जो पेशे से बंगला भाषी कथावाचक हैं, अपने मामा प्रदीप थानदार के साथ निमंत्रण पर कथा वाचन के लिए पहुंचे थे। रात करीब 10 बजे लघुशंका के लिए पंडाल से बाहर जाने पर दो पल्सर बाइक पर सवार चार अज्ञात युवकों ने उन्हें घेर लिया और गर्दन पर चाकू सटाकर जान से मारने की धमकी दी।

सुनसान मैदान में ले जाकर मारपीट और लूट
आरोपियों ने दयाल लोहार को पास के सुनसान क्रेशर मैदान में ले जाकर उनके साथ मारपीट की। बदमाशों ने उनका सैमसंग स्मार्टफोन, दो चांदी की अंगूठियां, एक चांदी का ब्रेसलेट और स्कूटी की चाबी छीन ली। इतना ही नहीं, आरोपियों ने जबरन मोबाइल का पिन हासिल कर डिजिटल वॉलेट से 20 हजार रुपये भी ट्रांसफर कर लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों युवक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

मामला दर्ज, पुलिस जांच तेज
घटना के बाद घायल अवस्था में दयाल लोहार कथा पंडाल लौटे और आयोजन समिति को जानकारी दी। अगले दिन उन्होंने मसलिया थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर पीड़ित के बैंक खाते का मिनी स्टेटमेंट निकलवाया है, ताकि ट्रांसफर किए गए खातों की पहचान की जा सके। संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी गई है।





Comments