top of page

दुमका में कोयला स्मगलिंग कनेक्शन पर ईडी की बड़ी कार्रवाई, जामा के अमर मंडल के घर पर छापा

अवैध करोबार का कच्चा चिट्ठा और करोड़ों की बरामदगी की चर्चा

दुमका। कोयला चोरी और स्मगलिंग से जुड़े 100 करोड़ रुपये से अधिक के अवैध कारोबार की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार सुबह झारखंड के 18 स्थानों पर छापेमारी की। इसी कड़ी में दुमका जिले के जामा प्रखंड के सेजाकोड़ा गांव स्थित पत्थर कारोबारी अमर मंडल के घर पर भी दबिश दी गई। अमर मंडल का नाम पहले ‘पासिंग’ घोटाले में आ चुका है, लेकिन इस रेड के बाद कोयला के अवैध व्यापार में उसकी सक्रिय भूमिका भी सामने आती दिख रही है। दुमका जिले में 14 चिन्हित कोल ब्लॉक हैं, पर वर्तमान में किसी भी ब्लॉक से वैध तरीके से कोयला खनन नहीं हो रहा है। इसके बावजूद पाकुड़ के पाचुवाड़ा कोल माइंस से प्रतिदिन 1000 से अधिक हाईवा में कोयला लोड होकर दुमका रेलवे स्टेशन स्थित स्टॉकयार्ड तक पहुंचता है। यहां से रोजाना 7 रैक के माध्यम से विभिन्न राज्यों को कोयले की आपूर्ति की जाती है। इसी कालाबाजारी और स्मगलिंग नेटवर्क में अमर मंडल से जुड़ी अहम जानकारी मिलने पर ईडी ने यह कार्रवाई शुरू की।

सुबह 4.30 बजे शुरू हुई रेड, 20 सदस्यीय ईडी टीम पहुंची जामा

दुमका। ईडी की लगभग 20 सदस्यीय टीम शुक्रवार सुबह 4.30 बजे जामा पहुंची। सूत्रों के अनुसार, टीम ने घर से दो बोरा में भरे नोट, महत्वपूर्ण दस्तावेज, बैंक अकाउंट से जुड़े कागजात और हिसाब-किताब की डायरी बरामद की है। दावा है कि कुल बरामद नकदी एक करोड़ रुपये से भी अधिक हो सकती है।

ईडी के अधिकारी अमर मंडल को पहचान नहीं पाए, खुद उससे ही घर का पता पूछा

दुमका। छापेमारी का एक रोचक पहलू यह रहा कि जब ईडी टीम गांव पहुंची, उस समय अमर मंडल ट्रैकसूट पहने अपने गार्ड और साथियों के साथ मॉर्निंग वॉक पर था। ईडी के अधिकारी उसे पहचानते नहीं थे। उन्होंने अमर मंडल से ही अमर मंडल के घर का पता पूछ लिया। जब वह पता बताकर आगे बढ़ा, तभी अवसर पाकर वह बाइक मंगवाकर चुपचाप वहां से निकल गया और ईडी टीम चकमा खा गई।

चार वाहनों के बेड़े में पहुंची ईडी टीम, एक पर ‘प्रेस’ का स्टीकर

दुमका। ईडी की टीम चार वाहनों से सेजाकोड़ा पहुंची। इनमें से एक वाहन पर ‘प्रेस’ लिखा हुआ था। तीन वाहनों का रजिस्ट्रेशन रांची का जबकि एक वाहन का नंबर बिहार का बताया जा रहा है। अधिकारियों के साथ सीआरपीएफ और महिला पुलिसकर्मियों की टीम भी मौजूद थी।

घर के पीछे फेंके गए 17-20 लाख रुपये बरामद

दुमका। रेड की भनक लगते ही अमर मंडल ने कथित रूप से अपने लोगों को कैश ठिकाने लगाने का निर्देश दिया। इसके बाद घर के पिछवाड़े में 17 से 20 लाख रुपये के नोट छिपा दिए गए, लेकिन ईडी टीम वहां तक पहुंच गई। जांच में यह राशि भी बरामद कर ली गई।

 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page