top of page

दुमका में अवैध कोयला खनन पर बड़ी कार्रवाई: आधा दर्जन अवैध खदानें बंद

शिकारीपाड़ा में जिला प्रशासन, पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई

दुमका। दुमका जिले के शिकारीपाड़ा प्रखंड में अवैध कोयला खनन के खिलाफ मंगलवार को जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। जिला खनन पदाधिकारी आनंद कुमार और शिकारीपाड़ा के सीओ कपिलदेव ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस बल और वन विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान बादलपाड़ा और लुटियापहाड़ी इलाके में सक्रिय अवैध कोयला खदानों और गहरी सुरंगों को डोजर से बंद करा दिया गया।

कई खदानों की डोजरिंग, कोयला माफियाओं में हड़कंप

अभियान के दौरान लगभग आधा दर्जन अवैध खदानों को स्थल पर ही ध्वस्त कर दिया गया। अचानक की गई इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय कोयला माफियाओं के बीच हड़कंप मच गया है। प्रशासनिक टीम ने खदानों के आसपास बनाए गए सभी अवैध रास्तों और सुरंगों को भी बुलडोजर से पाट दिया, ताकि आगे खनन गतिविधियां दोबारा शुरू न हो सकें।

खनन टास्क फोर्स की नियमित जांच के आधार पर कार्रवाई

जिला खनन पदाधिकारी आनंद कुमार ने बताया कि अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स प्रतिमाह निरीक्षण और जांच करती है। उसी जांच से प्राप्त इनपुट और रिपोर्ट के आधार पर इस तरह की बड़ी कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि खनन क्षेत्र में सुरक्षा, पर्यावरण और राजस्व की भारी क्षति को देखते हुए प्रशासन जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है।

अवैध खनन में शामिल लोगों पर होगी FIRऔर कानूनी कार्रवाई

खनन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिन व्यक्तियों या समूहों द्वारा अवैध कोयला खनन कराया जा रहा है, उनकी पहचान की जा रही है। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी और आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन क्षेत्र में अवैध खनन को पूरी तरह खत्म करने के लिए लगातार सख्त कदम उठाता रहेगा।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page