top of page

फोन-पे से पैसे ट्रांसफर कराने के बाद युवती की हत्या, कुएं से बरामद हुआ शव

एक लाख रुपये के लालच में रची गई हत्या की साजिश

दुमका। पैसे के लालच में एक युवती की हत्या कर शव को कुएं में फेंक देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक जागेश्वर मरांडी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर मुफस्सिल थाना की पुलिस ने बागझोपा गांव के एक कुएं से 28 वर्षीय सरोधनी हेम्ब्रम का शव बरामद किया है।

काम का बहाना बनाकर सुनसान जगह पर बुलाया

मिली जानकारी के अनुसार मृतका सरोधनी हेम्ब्रम टीकापहाड़ी गांव की रहने वाली थी और आरोपी युवक भी उसी गांव का निवासी है। बताया जाता है कि युवती मेहनत-मजदूरी कर अपने खाते में पैसे जमा करती थी। आरोपी को इसकी जानकारी थी और उसने पैसे हड़पने की साजिश रची। 10 फरवरी को उसने युवती को किसी काम का बहाना बनाकर सुनसान जगह पर बुलाया।

मारपीट कर पासवर्ड पूछकर खाते से निकाले पैसे

आरोपी ने युवती से जबरन मोबाइल छीनकर फोन-पे का पासवर्ड पूछना शुरू किया। युवती के इंकार करने पर उसने उसके साथ मारपीट की और पासवर्ड जानने के बाद उसके खाते से एक लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए।

हत्या के बाद शव को कुएं में फेंका

पैसे ट्रांसफर करने के बाद आरोपी ने युवती की गला दबाकर हत्या कर दी और साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को बागझोपा गांव के एक कुएं में फेंक दिया। घटना के बाद वह सामान्य तरीके से गांव में ही रह रहा था।

तकनीकी जांच में खुला मामला, आरोपी गिरफ्तार

इधर युवती के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। 20 फरवरी को मुफस्सिल थाना में गुमशुदगी की सनहा दर्ज कराई गई। पुलिस की तकनीकी जांच में सामने आया कि 10 फरवरी को युवती के खाते से एक लाख रुपये आरोपी जागेश्वर मरांडी के खाते में ट्रांसफर हुए थे। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां सख्ती के बाद उसने अपराध स्वीकार कर लिया। मुफस्सिल थाना प्रभारी लोरेंसिया केरकेट्टा ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर युवती का शव कुएं से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और उसके खिलाफ हत्या व साक्ष्य छुपाने का मामला दर्ज किया गया है।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page