दुमका में 2 जगहों पर अज्ञात महिलाओं के शव बरामद, पहचान में जुटी पुलिस

नौपहाड़ जंगल के पास सड़ी-गली अवस्था में मिला महिला का शव
दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत नौपहाड़ जंगल के समीप सोमवार को सड़ी-गली अवस्था में एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया गया। महिला की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष बताई जा रही है। शव की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत करीब 10 से 15 दिन पहले हुई होगी। जानकारी के अनुसार, सड़क से लगभग 100 मीटर दूर ग्रामीणों ने शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। महिला ने पीले और काले रंग का सलवार-सूट पहन रखा था। थाना प्रभारी अमित कुमार लकड़ा के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से महिला की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान के लिए उसकी तस्वीर आसपास के थानों और संबंधित लोगों को भेजी है। थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल महिला की पहचान करना पुलिस की प्राथमिकता है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

कुएं से दूसरी महिला का शव बरामद
इसी दिन हंसडीहा थाना क्षेत्र के बलिया महेशपुर गांव में एक कुएं से अज्ञात महिला का सड़ा-गला शव बरामद किया गया। मृतका की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष होने का अनुमान है। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने कुएं में शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद अवर निरीक्षक सुमित पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। पुलिस के प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, महिला की मौत करीब 4 से 5 दिन पहले हुई होगी। लंबे समय तक पानी में रहने के कारण शव फूल चुका था और त्वचा गलने लगी थी। ग्रामीणों से पूछताछ के बावजूद महिला की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज दिया है और आसपास के थानों से संपर्क कर उसकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है।

महिलाओं की हत्या के मामलों ने बढ़ाई चिंता
दुमका जिले में अलग-अलग स्थानों पर महिलाओं के शव मिलने से एक बार फिर सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इससे पहले काठीकुंड थाना क्षेत्र में एक महिला का शव मिलने के करीब 3 माह बाद एक नाबालिग का शव बरामद हुआ था। नाबालिग के साथ दुष्कर्म और हत्या का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच कर एकमात्र आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि महिला की हत्या के मामले में अब तक हत्यारे की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। अब 2 नवंबर को शिकारीपाड़ा के जंगल क्षेत्र और हंसडीहा के बलिया महेशपुर गांव में 2 अज्ञात महिलाओं के शव मिलने के बाद पुलिस के सामने उनकी पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने की चुनौती है।





Comments