दीपावली और छठ को लेकर प्रशासन अलर्ट, घाटों पर गोताखोर, मेडिकल टीम और अग्निशमन वाहन रहेंगे तैनात

उपायुक्त ने सुरक्षा, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने का दिया निर्देश
दुमका में दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ को सुरक्षित, स्वच्छ एवं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, छठ घाटों की साफ-सफाई, स्वास्थ्य सुविधाओं, यातायात प्रबंधन और आपातकालीन तैयारियों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय रहते तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। छठ घाटों पर मेडिकल टीम, आवश्यक दवाइयां और एंबुलेंस उपलब्ध रखने के साथ ऑक्सीजन कंसंट्रेटर एवं अन्य जरूरी चिकित्सा उपकरणों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

घाटों पर गोताखोर, नाव और अग्निशमन वाहन रहेंगे तैनात
आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग को वाहन तैयार रखने तथा प्रमुख छठ घाटों पर प्रशिक्षित गोताखोरों, आपदा मित्रों और नाव की पर्याप्त व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। ग्रामीण क्षेत्रों के घाटों पर भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम करने को कहा गया। उपायुक्त ने नगर परिषद दुमका और बासुकीनाथ नगर पंचायत सहित संबंधित विभागों को छठ घाटों, तालाबों और पहुंच पथों की साफ-सफाई तथा पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। घाटों पर बैरिकेडिंग करने और गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां रस्सी एवं सुरक्षा घेरा लगाने को कहा गया। बासुकीनाथ स्थित शिवगंगा फिल्ट्रेशन प्लांट को भी क्रियाशील करने और उसकी साफ-सफाई दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया।

सुरक्षित बिजली आपूर्ति और यातायात प्रबंधन पर जोर
विद्युत विभाग को छठ घाटों के आसपास बिजली के तारों, विद्युत सजावट और उपकरणों की जांच करने तथा दीपावली के दौरान सुरक्षित एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। यातायात व्यवस्था के लिए प्रमुख मार्गों पर पार्किंग स्थल चिह्नित करने, बड़े वाहनों के प्रवेश पर नियंत्रण और जरूरत के अनुसार रूट डायवर्जन की योजना पहले से तैयार रखने का निर्देश दिया गया। घाटों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी सुरक्षा व्यवस्था पर निगरानी रखने को कहा गया। पर्व के दौरान जिला स्तरीय कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा। वहां पर्याप्त कर्मियों की प्रतिनियुक्ति कर शिकायतों और सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का भी निर्देश दिया गया।

मिलावटी मिठाई और खाद्य पदार्थों की बिक्री पर होगी निगरानी
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी को मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए विशेष अभियान चलाने तथा मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया। बैठक में चक्रवाती परिस्थितियों से संभावित नुकसान और आपदा प्रबंधन की तैयारियों की भी समीक्षा हुई। उपायुक्त ने अंचल अधिकारियों को किसी भी प्रकार की क्षति होने पर प्रभावित लोगों तक तत्काल राहत पहुंचाने तथा फसल नुकसान का त्वरित आकलन कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में संबंधित अंचल अधिकारियों को थाना प्रभारियों के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

एसपी ने गश्ती बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर निगरानी का दिया निर्देश
पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खरवार ने छठ घाटों तक जाने वाले रास्तों की साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर दिया। उन्होंने घाटों और तालाबों के आसपास विद्युत प्रवाह की आशंका समाप्त करने के लिए पहले से जांच कराने का निर्देश दिया। छठ के दौरान सुबह के समय घरों में चोरी की घटनाओं की आशंका को देखते हुए पुलिस गश्ती बढ़ाने को कहा। इसके अलावा असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखने, संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात करने तथा भीड़ नियंत्रण और महिला सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।





Comments