top of page

दुमका के रामगढ़ थाना क्षेत्र में पानी टैंकर के चपेट में आने से दो महिलाओं की मौत

दोषी को पकड़ने तथा मुआवजा की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया झांझर कारुडीह मार्ग को जाम

दुमका। दुमका के रामगढ़ थाना क्षेत्र के कारुडीह पंचायत अंतर्गत झांझर मंडल टोला और ठाकुर टोला के बीच रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक पर सवार दो महिलाओं की पानी टैंकर से कुचलकर मौत हो गई। बाइक चालक विपरीत दिशा में गिर जाने के कारण बाल-बाल बच गया। बताया जाता है कि निर्माणाधीन सड़क पर पानी डालने वाले टैंकर से टक्कर होने के कारण यह गंभीर हादसा हुआ।

निर्माणाधीन सड़क पर लापरवाही से हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, जोरडीहा मोड़ से कारुडीह तक प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत सड़क निर्माण कार्य चल रहा है, जिसमें दुमका के एक संवेदक द्वारा काम कराया जा रहा है। हादसे के बाद पानी टैंकर का चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।

शादी समारोह से लौटते समय हुआ दुर्घटना

मृतकों की पहचान रामगढ़ थाना क्षेत्र के केंदखपरा गांव निवासी सुरेंद्र मुर्मू की मां संझली बास्की और बहन बहामुनी हेम्ब्रम के रूप में हुई है। सुरेंद्र अपनी मां और बहन को बाइक पर बैठाकर झांझर आदिवासी टोला में आयोजित एक शादी समारोह में गया था। शाम करीब पांच बजे वापसी के दौरान सामने से आ रहे टैंकर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों का विरोध, सड़क पर जाम

घटना की सूचना पर रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेने का प्रयास किया तो ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। स्थानीय लोगों ने दोषी चालक की गिरफ्तारी और उचित मुआवजा की मांग को लेकर झांझर–कारुडीह मार्ग को जाम कर दिया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। जाम हटने के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज दिया है। फरार टैंकर चालक की तलाश तेज कर दी गई है, वहीं ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य में लापरवाही पर कार्रवाई की भी मांग की है।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page